लगातार गैस के दाम बढ़ने से बिगड़ा रसोई का बजट
लक्ष्मणगढ़ । महंगाई की मार थमती नजर नहीं आ रही है। घरेलू एलपीजी गैल सिलेंडर की कीमत में फिर 50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमत के बाद में अब 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर 1123 रुपए उपखंड क्षेत्र में कीमत हो गई है।
लगातार गैस के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ गया है। सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है। जब पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से लोग पहले से ही परेशान हैं। गौरतलब है कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। बीते 22 मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इससे पहले 6 अक्टूबर 2021 के बाद घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ था। इस महीने की शुरुआत में, कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। 1 मई को 19 किलो के कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 102.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। जिसके बाद कीमत बढ़कर 2397.50 रुपये हो गई। साथ ही 5 किलो के एलपीजी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत भी बढ़ा दी गई।
रसोई गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि से लोगों एवं ग्रहणीयो में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि एक तो पहले से ही जरूरत की चीजें महंगी हो रही हैं। अब एलपीजी के दाम बढ़ने से घर का खर्च चलाना काफी मुश्किल हो जाएगा। सब्जियों की कीमते भी बढ़ रही हैं। ऐसे में खाना और पकाना दोनों महंगा हो गया है।
एक तो खाद्य सामग्री की महंगाई कमर तोड़ रही है। उसमें गैस की बढ़ रही कीमत ने काफी परेशानी में डाल दिया है। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार काफी प्रभावित हो रहा है।अब तो इसका दाम बढ़कर एक हजार को भी पार कर गए । मध्यम वर्गीय परिवार गैस का इस्तेमाल नहीं रोक पाएंगे। इससे रसोई का बजट पूरा गड़बड़ा गया है।