Dark Mode
कोटा: जिला कलक्टर ने की अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा की तैयारियों की समीक्षा

कोटा: जिला कलक्टर ने की अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा की तैयारियों की समीक्षा

कोटा। जिला कलक्टर श्री पीयूष समारिया ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देशभर में प्रसिद्ध अनन्त चतुर्दशी शोभायात्रा का भव्य आयोजन समिति पदाधिकारियों,जिला प्रशासन, पुलिस एवं आमजन के सहयोग से किया जाएगा। उन्होंने आयोजन समिति पदाधिकारियों एवं प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा, ईद मिलादुन्नबी सहित अन्य पर्वों का आयोजन सौहार्द एवं भाईचारे के साथ करने की अपील की। बैठक में कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम, आयोजन समिति के पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं शहर के गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। जिला कलक्टर ने कहा कि शोभायात्रा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी शोभायात्रा के मार्ग की विजिट कर समिति पदाधिकारियों के साथ चर्चा करे और सुरक्षा व्यवस्था, झूलते तारों को ठीक करने, जर्जर भवनों की बैरिकेडिंग करने सहित अन्य निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं वॉलंटियर्स पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियो के साथ समन्वय रखें। आयोजन से पहले टीम द्वारा शोभायात्रा मार्ग के निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं।

जिला कलक्टर ने कहा कि शोभायात्रा के मार्ग पर पर्याप्त लाईटिंग हो और आवारा पशुओं का विचरण न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, विसर्जन स्थलों पर एसडीआरएफ की प्रशिक्षित टीम एवं नावों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। श्री समारिया ने शोभायात्रा के मार्ग पर बने गड्ढे, नालियां आदि कवर करने एवं केबल के तार ऊंचे करने के निर्देश दिए। उन्होंने शोभायात्रा का मार्ग साफ रखने के निर्देश दिए। कोटा शहर एसपी तेजस्वनी गौतम ने कहा कि पुलिस अधिकारियों, प्रशासन एवं आयोजन समिति पदाधिकारियों का बेहतर समन्वय हो ताकि आयोजन को सफल बनाया जा सके। उन्होंने शोभायात्रा के दिन ट्रैफिक व्यवस्था एवं डाइवर्जन के बारे में आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अनंत चतुर्दशी पर कोटा में भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है। पदाधिकारियों ने शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त रखने, विसर्जन स्थल पर पर्याप्त मात्रा में क्रेन, नावों एवं गोताखोरों की व्यवस्था करने, शोभायात्रा मार्ग पर जिन गलियों में अंधेरा रहता है वहां लाईटिंग की व्यवस्था रखने, मार्ग पर सफाई रखने, नालियों को ढकने, तारों को ऊँचा करवाने, आवारा पशुओं को हटवाने के बारे में सुझाव दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दिलीप कुमार सैनी, एडीएम सिटी अनिल सिंघल, एडीएम प्रशासन मुकेश चौधरी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। बैठक में आयोजन समिति संयोजक सुमेर सिंह, संरक्षक जटाशंकर शर्मा एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!