Dark Mode
LIC ने जियो फाइनेंशियल में 6.66% की हिस्सेदारी हासिल की

LIC ने जियो फाइनेंशियल में 6.66% की हिस्सेदारी हासिल की

लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (JFSL) में 6.66% की हिस्सेदारी हासिल कर ली है। सरकारी इंश्योरेंस कंपनी ने मंगलवार को इसके बारे में जानकारी दी। एक्सचेंज फाइलिंग में LIC ने बताया कि डी-मर्जर के तहत कंपनी में हिस्सेदारी हासिल की है। ज‍ियो फाइनेंश‍ियल सर्विसेज बीते दिन सोमवार को शेयर मार्केट में लिस्ट हुआ, जिसके बाद से लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी का शेयर 4.99% की गिरावट के साथ 239.20 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर यह 5% के लोअर सर्किट के साथ 236.45 पर कारोबार कर रहा है।
BSE पर ₹265 और NSE पर ₹262 में लिस्ट हुए थे शेयर
सोमवार (21 अगस्त) को ज‍ियो फाइनेंश‍ियल सर्विसेज लिमिटेड के शेयर BSE पर 265 रुपए और NSE पर 262 रुपए पर लिस्ट हुए थे। इसके बाद BSE पर शेयर 5% की लोअर सर्किट के साथ 251.75 रुपए पर बंद हुआ था। वहीं, NSE पर भी शेयर 5% का लोअर सर्किट के साथ 248.90 रुपए बंद हुआ था।
रिलायंस के शेयरहोल्डर्स को 1:1 के रेश्यो में JFSL के शेयर मिले थे
19 जुलाई के कारोबारी दिन के अंत में जिन-जिन शेयरहोल्डर्स के पास रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स थे उन्हें 1:1 के रेश्यो में JFSL यानी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर मिले थे।
उदाहरण के लिए, यदि आपके पास RIL के 100 शेयर थे, तो आपको JFSL के 100 शेयर दिए गए थे।
पिछले महीने RIL से अलग हुई थी कंपनी
रिलायंस का फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस पिछले महीने अपनी मूल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) से अलग हुआ था। डीमर्जर के बाद प्राइस डिस्कवरी मैकेनिज्म के तहत जियो फाइनेंशियल के शेयर का भाव 261.85 रुपए तय हुआ था।
10 कारोबारी दिन तक ट्रेड-फॉर-ट्रेड सेगमेंट में है शेयर
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज 21 अगस्त से 10 कारोबारी दिन तक ट्रेड-फॉर-ट्रेड (T2T) सेगमेंट में है। जब तक इस सेगमेंट में स्टॉक रहता है तो उस शेयर की इंट्राडे ट्रेडिंग नहीं हो सकती है। इस सेगमेंट के हर एक को खरीदने के लिए पूरा पेमेंट देकर डिलीवरी लेनी पड़ती है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!