लग्ज़री कार चोरों गैंग का खुलासा, एक गिरफ़्तार
भीलवाड़ा। शहर की प्रताप नगर थाना पुलिस ने लग्जरी कारें चुराने वाले गिरोह का खुलासा करते हुये एक आरोपित को गिरफ्तार कर 3 हेरियर कारें बरामद की।
जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू ने बताया कि वाहन चोरी की वारदातों को रोक ने के लिए डीएसपी सिटी नरेंद्र दायमा के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। इस टीम ने 29 जनवरी 2023 को आजाद नगर निवासी भवानी शंकर की घर के बाहर से चोरी गई टाटा हैरियर की तलाश शुरु की। प्रतापनगर पुलिस व साईबर सैल की संयुक्त टीम के साथ वारदात का खुलासा करने के लिए प्रयास शुरु किये गये। पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज व अन्य तकनीकी विश्लेषण पूर्व के अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही मुखबिर सहायता से 20 दिन के प्रयास के बाद पुलिस ने दुदाबा का खेड़ा जसोरिया निवासी घेवर चन्द पुत्र घासी राम गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपितों ने सह आरोपित रामकिशन के साथ मिलकर वारदातें की। गुलाबपुरा निवासी सह आरोपित रामकिशन पुत्र भैरू लाल माली पहले गिरफ्तार हो चुका है। आरोपित घेवर से पूछताछ के बाद पुलिस ने तीन कारें बरामद कर ली। वहीं अब तक की पूछताछ में आरोंपित घेवर चंद ने चोरी की 5 वारदातें कबूल की है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गये आरोपित घेवरचंद ने सह आरोपित रामकिशन के साथ मिलकर आजाद नगर से टाटा हैरियर जैसी महंगी ब्रांड की कार चुराई थी। कार चुराने के लिए लॉक तोडऩे का तरीका यूट्यूब पर सर्च कर सीखा। लॉक तोडऩे के लिए ये आरोपित डिवाइस भी खरीद कर लाया था। डीएसपी नरेंद्र दायमा ने बताया कि कार चोरी करने से एक दिन पहले बदमाश घेवरचंद रैकी करता। अगले दिन रात में डिवाइस लेकर कार के पास जाता। इसके बाद कार का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश कर डिवाइस को कार से कनेक्ट कर लेता। डुप्लीकेट चॉबी का पासकोड गाडी से सेट करके लॉक खोलकर गाडी स्टार्ट कर चोरी कर लेता। गाडी को गुप्त रास्तों से ले जाकर पार्किंग में अथवा सुनसान जंगल में खड़ी कर ग्राहक ढूंढकर बेचने की कोशिश करता।आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि अब तक आजादनगर से टाटा हैरियर जबकि हीरा नगर डीसीएम, अजमेर रोड़ जयपुर से ब्लैक टाटा हैरियर, हाउसिंग बोर्ड ब्यावर से ब्लैक और व्हाईट 2 टाटा हैरियर, प्रतापनगर, उदयपुर से ब्लेक टाटा हैरियर कार चुराई, जबकि विजयनगर अजमेर से ब्लेक टाटा हैरियर कार का कांच तोडकर चोरी का असफल प्रयास किया।
प्रताप नगर थाना प्रभारी राजेन्द्र गोदारा ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पूर्व में 2020 से 2022 तक गुलाबपुरा में रेप, जवाजा थाने में लूट व सुभाषनगर थाने में चोरी का मामला दर्ज है। ये सभी मामले न्यायालय में विचाराधीन है।