जयपुर के स्पा-सेंटर में मैनेजर ने महिला से की छेड़छाड़, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जयपुर। जयपुर के स्पा सेंटर में महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया। महिला ने स्पा सेंटर के मैनेजर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर अशोक नगर थाना पुलिस ने स्पा सेंटर मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अशोक नगर थाने के एसआई धर्मसिंह ने बताया- इलाके में प्लेटिनम स्पा ओसीएम होटल में चलता है। आरोप है कि स्पा सेंटर के मैनेजर जयदीप एरे ने महिला के साथ अश्लील हरकत की। उसके सामने कपड़े खोले। महिला ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपी जयदीप ने महिला को गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया। इस पर महिला ने पुलिस के पास जाने और शिकायत करने की बात कही। आरोपी उसके बाद भी नहीं माना।
महिला को नशे में देख फायदा उठाना चाहा
महिला ने पुलिस को बताया- वह नशे में थी। आरोपी जयदीप ने इसका फायदा उठाना चाहा। जब आरोपी का विरोध किया तो अन्य युवतियां भी पहुंची। इसके बाद पीड़िता ने अशोक नगर थाने पहुंचकर आपबीती पुलिस को बताई।
छेड़छाड़ का केस दर्ज करवाया
अशोक नगर थाना पुलिस ने मामले के गम्भीरता को देखते हुए प्लेटिनम स्पा सेंटर के मैनेजर जयदीप एरे के खिलाफ महिला से छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज किया। पुलिस रविवार को महिला के बयान दर्ज कर स्पा सेंटर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज की जांच की। साथ ही स्पा में काम करने वाली महिलाओं से भी इस संबंध में पूछताछ करना शुरू कर दिया है।