मंगलुरु पुलिस ने नशीले पदार्थ के तस्कर को गिरफ्तार किया, 1.35 लाख रुपए के मादक द्रव्य जब्त
कर्नाटक में मंगलुरु पुलिस की अपराध शाखा ने मादक द्रव्य एमडीएमए (मिथाइल एनीडियोक्सी मेथामफेटामाइन) की तस्करी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 27 ग्राम एमडीएमए जब्त की है जिसकी बाजार में कीमत एक लाख 35 हजार रुपए है। पुलिस ने यह जानकारी दी।मंगलुरु पुलिस ने बताया कि उसने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलुरु दक्षिण पुलिस थाना क्षेत्र में नेहरू मैदान के पास एक अभियान चलाकर आसिफ (32) को अवैध रूप से एमडीएमए रखने और उसकी तस्करी के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आसिफ के कब्जे से 1,35,000 रुपए मूल्य का 27 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ, एक मोबाइल फोन और वजन मापने का एक डिजिटल उपकरण जब्त किया है।इस संबंध में मंगलुरु दक्षिण पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि आसिफ बेंगलुरु से एमडीएमए मादक पदार्थ खरीदकर मंगलुरु लाता था और यहां छात्रों समेत आम लोगों को बेचता था।