बाजार में बिकवाली का माहौल
मिले जुले ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली देखने को मिल रही है. आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स कमजोर दिख रहे हैं। सेंसेक्स 68.90 अंक यानी 0.10 फीसदी की गिरावट के साथ 67,028.54 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 29.00 अंक यानी 0.01 फीसदी की गिरावट के साथ 19804.20 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। आज के कारोबार में निफ्टी पर आटो, फाइनेंशियल, एफएमसीजी, आईटी, मेटल इंडेक्स में कमजोरी देखने को मिल रही है. जबकि बैंक, फार्मा, रियल्टी इंडेक्स में बढ़त है। DRREDDY, NTPC, BPCL, POWERGRID, INDUSINDBK के शेयर हरें रंग में यानी बढ़त में है, वहीं INFY, ULTRACEMCO, APOLLOHOSP, HEROMOTOCO, NESTLEIND के शेयर लाल रंग में यानी कमजोर दिखाई पड़ रहे हैं। उतार चढ़ाव भरे बाजार में आज यानी 20 July 2023 कुछ शेयर एक्शन दिखाने को तैयार हैं। ये शेयर आज बाजार में फोकस में रह सकते हैं। अगर इंट्राडे में बेहतर शेयरों की तलाश है तो इन पर नजर रख सकते हैं।
Tata Motors टाटा ग्रुप ने जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) के साथ-साथ अन्य वाहन कंपनियों के लिए बैटरी बनाने के लिए 400 करोड़ पाउंड (42,500 करोड़ रुपये) के निवेश से कारखाना लगाने की घोषणा की है. टाटा संस ने इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी या गीगाफैक्टरी के लिए स्पेन की जगह दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड में समरसेट के ब्रिजवॉटर क्षेत्र को इस कारखाने के लिए चुना है. ब्रिटेन की लक्जरी कार विनिर्माता जगुआर लैंड रोवर का स्वामित्व ‘टाटा मोटर्स’ के पास है।
LIC सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी एलआईसी के एक प्रबंध निदेशक (एमडी) के तौर पर सत पाल भानू को नियुक्त किया है. भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि भानू को सिद्धार्थ मोहंती की जगह एमडी बनाया गया है. मोहंती को अप्रैल में एलआईसी का चेयरमैन नियुक्त किया गया था।
Patanjali Foods अमेरिकी निवेश कंपनी जीक्यूजी पार्टनर्स ने बाबा रामदेव की अगुवाई वाली खाद्य तेल कंपनी पतंजलि फू़ड्स में 5.96 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है. शेयर बाजार को दी गई सूचना के मुताबिक, जीक्यूजी पार्टनर्स ने पतंजलि फूड्स के 2,15,64,517 इक्विटी शेयरों को बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिये खरीदा है. कंपनी के मौजूदा बाजार भाव पर जीक्यूजी पार्टनर्स की इस हिस्सेदारी का मूल्य करीब 2,900 करोड़ रुपये है. पतंजलि फूड्स का बाजार पूंजीकरण 48,245 करोड़ रुपये है।
Bank of Maharashtra सार्वजनिक क्षेत्र के लेंडर बैंक ऑफ महाराष्ट्र का मुनाफा मौजूदा चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 95 फीसदी बढ़कर 882 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. डूबे कर्ज में कमी और ब्याज आय में सुधार से बैंक का मुनाफा बढ़ा है. पुणे के इस बैंक ने एक साल पहले की समान तिमाही में 452 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. जून तिमाही में उसकी कुल आय 5,417 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 3,774 करोड़ रुपये थी।
IOC पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की एडनॉक गैस कंपनी से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का आयात करने के लिए 7-9 अरब डॉलर का एक समझौता किया है. एडनॉक गैस ने कहा कि 14 साल की अवधि वाले इस समझौते के तहत आईओसी को सालाना 12 लाख टन एलएनजी का निर्यात किया जाएगा।