शेरगढ़ में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप
जोधपुर। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पीहर पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति सहित चार ससुरालजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मृतका के एक बच्ची बताई गई है। थानाधिकारी बुधाराम के अनुसार डूंगरपुर डेढ़ा चक-3, तहसील सेखाला, थाना चामू निवासी तुलसाराम पुत्र पदमाराम मेघवाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उसकी पुत्री मिरगो (20) का विवाह 18 फरवरी 2024 को सोइंतरा निवासी भोमाराम पुत्र बिड़दाराम मेघवाल से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति भोमाराम, जेठ गिरधारीराम, जेठ सुमेराराम और सास दहेज की मांग को लेकर मिरगो को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त कर रहे थे। पीहर पक्ष का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। मिरगो को लगातार मारपीट और ताने दिए जाते थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह जेठ पुखराज का फोन आया, जिसमें मिरगो की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई और उन्हें शेरगढ़ अस्पताल पहुंचने को कहा गया। अस्पताल पहुंचने पर विवाहिता स्ट्रेचर पर मृत अवस्था में मिली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतका की पीठ और कानों के नीचे चोट के निशान थे, और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सहित चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।