Dark Mode
सरकारी स्कूल में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी

सरकारी स्कूल में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी

डूंगरपुर। जिले के चौरासी थाना क्षेत्र स्थित गैंजी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में बुधवार सुबह एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि स्कूल की नई बन रही बिल्डिंग की छत पर निकले लोहे के सरियों से एक युवक और युवती के शव लटके हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाया। घटना की खबर फैलते ही स्कूल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल गुर्जर ने बताया कि दोनों शव क्लासरूम के पीछे निर्माणाधीन हिस्से में मिले हैं। मृतक युवक की पहचान मनोज (22) पुत्र सुरेश खराड़ी निवासी पाकरोन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मनोज मजदूरी करता था और पहले से शादीशुदा था। उसकी एक बेटी भी है। प्रेम-प्रसंग को लेकर एक फरवरी को उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह घर से निकल गया था। मनोज की पत्नी ने 17 फरवरी को चौरासी थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। स्कूल की प्रिंसिपल जशोदा कलासुआ ने बताया कि स्कूल सुबह 10 बजे खुलता है। इन दिनों परीक्षाओं के चलते स्टाफ कभी-कभी सुबह जल्दी पहुंचता है, लेकिन बुधवार को परीक्षा नहीं होने से कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। शव स्कूल के पिछले हिस्से में मिले। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। युवती की पहचान और घटना के कारणों को लेकर जांच जारी है।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!