Dark Mode
दक्षिण अमेरिका के ड्रेक पैसेज में 7.5 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप

दक्षिण अमेरिका के ड्रेक पैसेज में 7.5 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप

वाशिंगटन। दक्षिण अमेरिका के ड्रेक पैसेज को शक्तिशाली भूकंप का सामना करना पड़ा। शुरुआत में इसकी तीव्रता 8 बताई गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बाद में कहा कि भूकंप की तीव्रता 7.5 रही। भूकंप 10.8 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र ड्रेक पैसेज था। द न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार यह ड्रेक पैसेज दक्षिण अमेरिका के सबसे दक्षिणी सिरे और अंटार्कटिका के बीच एक जल निकाय है। अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने ड्रेक पैसेज भूकंप के बाद कोई चेतावनी जारी नहीं की। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (पीटीडब्ल्यूसी) ने जरूर चिली के लिए संक्षिप्त चेतावनी जारी की। इसमें कहा गया कि ड्रेक पैसेज में आए भूकंप से अगले तीन घंटों के भीतर चिली के कुछ तटों पर खतरनाक सुनामी लहरें उठने की आशंका है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप अर्जेंटीना समयानुसार रात 11:16 बजे चिली और अर्जेंटीना के तटों से छह मील की गहराई पर आया। भनक लगते ही चिली सरकार ने अंटार्कटिका स्थित अपने कुछ ठिकानों पर संभावित सुनामी लहरों की चेतावनी जारी की। राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि अमेरिका में सुनामी का खतरा बहुत कम है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भूकंप की अपनी माप को 8 की प्रारंभिक रीडिंग से घटाकर 7.5 कर दिया। एबीसी न्यूज के अनुसार यह भूकंप अर्जेंटीना के उशुआइया से लगभग 710 किलोमीटर (441 मील) दक्षिण-पूर्व में ड्रेक पैसेज में स्थानीय समयानुसार रात 11:16 बजे आया। भूकंप की प्रारंभिक गहराई 10.8 किलोमीटर (6.7 मील) थी। ड्रेक पैसेज दक्षिण अमेरिका के दक्षिणी सिरे और अंटार्कटिक प्रायद्वीप के बीच दक्षिण अटलांटिक और दक्षिण प्रशांत महासागरों को जोड़ता है। यह क्षेत्र अत्यंत दुर्गम है। अभी तक किसी प्रकार के नुकसान या किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। एरिन तूफानः द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक अन्य खबर के अनुसार अमेरिका में तूफान एरिन की वजह से उत्तरी कैरोलिना के आउटर बैंक्स में तीव्र लहरें उठ रही हैं। इसके मद्देनजर न्यूयॉर्क शहर प्रशासन ने तैराकी पर प्रतिबंध की अवधि बढ़ा दी है। न्यूयॉर्क के समुद्र तट को पहले बुधवार और गुरुवार को तैराकी के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। अब यह प्रतिबंध शुक्रवार को भी जारी रहेंगे। एरिन तूफान उत्तरी कैरोलिना के आउटर बैंक्स से लगभग 285 मील पूर्व में स्थित है और अटलांटिक महासागर के माध्यम से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। आउटर बैंक्स में ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की गई है। यह लहरें चार फीट तक ऊंची हो सकती हैं। तटीय बाढ़ की चेतावनी कैरोलिना से लेकर तटीय कनेक्टिकट तक के लिए जारी की गई है। कहा गया है कि अगले 24 घंटों में पूर्वी तट से दूर जाने पर तूफान एरिन कमजोर पड़ जाएगा, लेकिन इसका तटीय प्रभाव खासकर पूर्वोत्तर में शुक्रवार और संभवतः शनिवार तक बना रहेगा।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!