पेयजल व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित
-
अवैध जल कनेक्शन पर सख्त कार्रवाई करें : जिला कलक्टर
बालोतरा। शहर में पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग में बैठक का आयोजन किया गया।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने शहर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग को अवैध कनेक्शन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को अवैध जल कनेक्शन के विरुद्ध अभियान चलाकर कर कनेक्शन काटने, इस कार्य में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने बताया कि अवैध जल कनेक्शन के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान पुलिस जाब्ता साथ रहेगा। उन्होंने एक टीम बनाकर जल्द से जल्द कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग के कार्मिकों से अवैध कनेक्शन कर जल चोरी करने वालो की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग द्वारा अब तक किए गए एफआईआर की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए ताकि जल माफिया के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जा सके।
बैठक में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अधीक्षण जगदीश राजपुरोहित ने शहर में पेयजल व्यवस्था के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि शहर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 77 जॉन बनाए गए हैं जिसमें नियुक्त कार्मिकों के द्वारा नियमित अंतराल पर जल आपूर्ति की जा रही है। इस पर जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने प्रत्येक जॉन से कितने घरों में जलापूर्ति की जा रही है, सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित परियोजना अधिकारी द्वारा बताया गया कि पाइप लाइन में वोल्टेज ड्रिप होने और एयरवोल पर अवैध कनेक्शन के कारण उत्पन्न दबाव के कारण बार बार लीक होने की शिकायत आ रही हैं। जिस पर जिला कलक्टर ने सभी एयरवोल पर प्रभावी नियंत्रण हेतु ड्रोन का प्रयोग करने एवं नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर ने कार्यालय में अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बैठक में पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, नगर परिषद आयुक्त मघराज डूडी समेत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।