Dark Mode
खान सचिव का स्टेक होल्डर्स से संवाद, जीरो लॉस माइनिंग पर करें फोकस

खान सचिव का स्टेक होल्डर्स से संवाद, जीरो लॉस माइनिंग पर करें फोकस

कोटा। खान विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं कोटा प्रभारी सचिव टी. रविकान्त ने प्रदेश में जीरो लॉस माइनिंग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की नई खनिज नीति में माइंस से जुड़े स्टेक होल्डर्स के व्यावहारिक सुझावों का भी समावेश किया जा रहा है जिससे प्रदेश के माइनिंग सेक्टर में और अधिक तेजी से काम करते हुए नई तकनीक का उपयोग, निवेश, रोजगार व राजस्व में बढ़ोतरी हो सके।
टी. रविकान्त बुधवार को कोटा में कोटा संभाग के कोटा, बारां, झालावाड़, बून्दी, रामगंजमण्डी के माइनिंग लीजधारकों, माइनिंग एसोसिएशनों और क्रेशर एसोसिएशनों, सीमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खनन करते समय आधुनिकतम तकनीक और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जीरो लॉस-गुणवत्तायुक्त उत्पादन के आधार पर काम करना होगा।
रविकान्त ने स्टेक होल्डर्स से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार माइनिंग सेक्टर को देश में अग्रणी सेक्टर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने चर्चा के दौरान माइनिंग एसोसिएशन पदाधिकारियों व लीजधारकों द्वारा दिए गए सुझावों पर गुणावगुण के आधार पर सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया।
चर्चा के दौरान रामगंजमण्डी लाइम स्टोन संघ के सर्वजीत सिंह आनन्द, झालावाड़ एसोसिएशन के पुखराज जैन, सिलिका माइनिंग एसोसिएशन बूंदी के मनोज, मंगलम सीमेंट के विवेक रावत, एएसआई के सुधीर कुमार, एसीसी सीमेंट लाखेरी के राहुल, अविरल जोशी, हृदेश कुमार, सहित स्टेक होल्डर्स ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। चर्चा के दौरान खान विभाग के अतिरिक्त निदेशक कोटा महावीर मीणा सहित अधिकारी उपस्थित थे।
अवैध खनन गतिविधियों पर हो प्रभावी कार्रवाई
एमनेस्टी योजना में बकायादारों से वसूली के निर्देश
रविकान्त ने खनिज भवन कोटा में संभाग के माइनिंग अधिकारियों से चर्चा करते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक फील्ड में सक्रिय रहने, अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के क्रियान्वयन में एमनेस्टी योजना लागू कर दी गई है। अब संबंधित बकायादारों से सीधे संपर्क कर योजना का लाभ बताते हुए राशि वसूली के कारगर प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख सचिव खान ने डेलिनियेशन कार्य, माइनिंग प्लान आदि को तय समय में पूरा करने को कहा। उन्होंने कार्यालय के रिकॉर्ड संधारण की आधुनिक तकनीक को अपनाने के निर्देश दिए ताकि विभाग के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को सुरक्षित व बेहतर तरीके से संधारित किया जा सकें।
अतिरिक्त निदेशक माइंस महावीर प्रसाद मीणा ने कोटा संभाग की माइनिंग गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में एसएमई यशवंत दामोर, एसएमई विजिलेंस पीएल मीणा, एमई पिंकराव सिंह, रामनिवास मंगल, सहदेव सहारण, प्रशांत बेरवाल ने लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में संभाग के माइनिंग विभाग के अधिकारियों व कार्मिकों ने हिस्सा लिया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!