मुंबई मेट्रो हादसा : पिलर का हिस्सा गिरा, कई लोग घायल
-
मुलुंड में मेट्रो पिलर का हिस्सा ऑटो पर गिरा
-
मुंबई मेट्रो हादसे में 2-3 लोग घायल
-
एलबीएस रोड पर ट्रैफिक बाधित, जांच जारी
मुंबई। आर्थिक राजधानी में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। Mumbai के मुलुंड (वेस्ट) स्थित एलबीएस रोड पर मेट्रो निर्माण के दौरान पिलर का सीमेंट का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। यह मलबा सीधे एक चलते ऑटो रिक्शा पर आ गिरा, जिससे उसमें सवार 2-3 लोग घायल हो गए।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास चल रहे निर्माण स्थल के निकट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिलर का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिरा और ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उस समय ऑटो में 3 से 4 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही Mumbai Fire Brigade, स्थानीय पुलिस, मेट्रो स्टाफ और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की चपेट में एक कार भी आई, जिसका आगे का दाहिना हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद एलबीएस रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
फिलहाल घायलों की स्थिति पर आधिकारिक अपडेट का इंतजार है। वहीं, मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।