Dark Mode
मुंबई आवासीय संपत्तियों की कीमत वृद्धि में छठे स्थान पर

मुंबई आवासीय संपत्तियों की कीमत वृद्धि में छठे स्थान पर

महंगी आवासीय संपत्तियों की कीमतें मुंबई में 5.5 प्रतिशत बढ़ीं और यह सालाना मूल्य वृद्धि के मामले में दुनिया के 46 शहरों में छठे स्थान पर रहा। एक रिपोर्ट में यह आकलन पेश किया गया है। रियल एस्टेट सलाहकार फर्म नाइट फ्रैंक इंडिया ने वर्ष 2023 की पहली तिमाही के लिए प्रमुख वैश्विक शहरों के बारे में जारी एक रिपोर्ट में कहा कि इस अवधि में मुंबई के अलावा बेंगलुरु और नयी दिल्ली में आवासीय संपत्तियों की कीमतें बढ़ी हैं। नाइट फ्रैंक ने बयान में कहा, ‘‘मुंबई जनवरी-मार्च, 2022 की अवधि में 38वें स्थान पर था लेकिन इस बार यह महंगी संपत्तियों की कीमत वृद्धि के मामले में छठे स्थान पर पहुंच गया।’’

इस सूची में बेंगलुरु 16वें स्थान पर मौजूद है जबकि दिल्ली 22वें स्थान पर पहुंच गई है। पिछले साल की समान अवधि में बेंगलुरु और दिल्ली क्रमशः 37वें एवं 39वें स्थान पर थे। मुंबई में सालाना आधार पर महंगी संपत्तियों की कीमत 5.5 प्रतिशत बढ़ी है जबकि बेंगलुरु में तीन प्रतिशत और दिल्ली में 1.2 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। वैश्विक स्तर पर शीर्ष स्थान पर दुबई रहा जहां पर सालाना आधार पर महंगी आवासीय संपत्तियों की कीमत 44.2 प्रतिशत बढ़ी हैं। नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, ‘‘वर्ष 2022 में अधिकांश समय तक वैश्विक वृद्धि और मुद्रास्फीति से जुड़ी चिंताएं हावी रही थीं। इसके बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था का प्रदर्शन स्थिर रहा। बीते 12 महीनों में आवासीय ऋण पर ब्याज दरें बढ़ने के बावजूद भारतीय रियल एस्टेट बाजार में मांग बनी हुई है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!