नर्सिंगकर्मियों ने किया दो घंटे कार्य बहिष्कार कर किया प्रदर्शन
रतनगढ़। राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर राजकीय जिला चिकित्साल्य के समस्त नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों ने 11 सूत्री मांगों को लेकर राजकीय जिला चिकित्साल्य में दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। सुबह 8 से 10 बजे तक अस्पताल के नर्सिंगकर्मियों ने कार्य का बहिष्कार कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समिति के संरक्षक गौरीशंकर माली ने बताया कि नर्सिंगकर्मियों की वित्तीय और गैर वित्तीय मांगों पर कांग्रेस सरकार पिछले साढ़े चार साल से कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे राज्य के सभी नर्सेज संवर्गों में रोष व्याप्त है। जिस पर मजबूरन प्रदेश के सभी नर्सेज संगठनों की ओर से नर्सेज संघर्ष समिति का गठन कर जिले के विभिन्न अस्पताल व ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य केंद्रों पर 18 जुलाई से धरना प्रदर्शन कर आंदोलन किया जा रहा है। इसके बाद भी सरकार नर्सिंगकर्मियों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड, मेडिकल वार्ड, ए वार्ड की सेवाएं हमेशा की तरह संचालित हुई। संघर्ष समिति के संयोजक किशनलाल भारी ने बताया कि आगामी 23 अगस्त को नर्सिंगकर्मी जयपुर कूच करेंगे। जहां सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर महिला महामंत्री कृष्णा रानी, सुनीता अलारिया , मिडिया प्रभारी शुभकरण डूडी, कोषाध्यक्ष सुभाष शर्मा, सह कोषाध्यक्ष सुभाष, महामंत्री मुकेश बिजारणिया व हरीश भूटियाणी, विष्णु, सुरेंद्र , प्रकाश, मनफूल जांगिड़,रमाकांत मित्तल, राहुल शर्मा, सरोज ढाका सहित अनेक नर्सिंगकर्मी मौजूद थे।