अधिकारी कैंपों में व्यस्त और अवैध खननकर्ता खानों में मस्त
मारोठ:- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार प्रत्येक गांव और शहरों में महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें प्रतिदिन स्थानीय अधिकारी गण व्यस्त है। शिविरों का फायदा उठाते हुए अवैध खननकर्ता बिना किसी रोक टोक के खानों में मस्त है। अवैध खनन को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया जा रहा है। अधिकारी कैंपों में व्यस्त होने के कारण अवैध खनन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। केंपो के नाम पर अधिकारियों को एक नया बहाना भी मिल गया है। मिली जानकारी के अनुसार अवैध खनन खुलेआम 24 घंटे किया जा रहा था परंतु लगातार खबरें प्रकाशित होने पर अवैध खननकर्ता अब रात के अंधेरे में खनन कर रहे है। जब हमारे संवाददाता ने बारीकी से छानबीन की तो पता चला कि अवैध खनन का कारोबार वर्तमान में भी लगातार जारी है। दिन के समय में अवैध खननकर्ता अपनी-अपनी खानों में जाकर पत्थरो को तोड़कर इकट्ठा करने में लगे रहते हैं। जेसीबी एलएनटी व बारूद के बम विस्फोट कर पत्थरों को तोड़ा जाता है। जैसे ही सूर्य अस्त होता है खनन कर्ता सजगता के साथ अपने वाहनों को बजरी पत्थर से भरकर मार्ग की रेकी कर निकालते हैं। मार्ग सुचारू होने पर मुख्य सड़को से होते हुए अलग अलग जगह पर पत्थर व बजरी को पहुंचाया जाता है। विभाग के अधिकारी दबाव में आकर अवैध खनन पर कागजों में कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति प्रतिदिन की जा रही है। मारोठ पुलिस ने मिंडा से अवैध खनन कर परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर ट्रॉली को किया जब्त:- शुक्रवार को मारोठ पुलिस ने गश्त के दौरान ग्राम पंचायत मिंडा में सरकारी अस्पताल के पास अवैध बजरी परिवहन करते हुए दामोदर प्रसाद पुत्र कल्याणमल कुमावत निवासी मंढा भीमसिंह के कब्जे से अवैध बजरी से भरा हुआ एक बिना नंबरी मेसी ट्रॉली सहित जब्त किया गया।