SEBI की चेतावनी के बाद Paytm के शेयर में गिरावट
पेटीएम कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। ये गिरावट मंगलवार 16 जुलाई को दिखी है। इसके पीछे कारण बताया गया है कि पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से कंपनी को चेतावनी पत्र मिला है। इसके बाद पेटीएम के शेयर की कीमत में लगभग दो प्रतिशत की गिरावट आई है।
फिनटेक प्रमुख पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस को वित्त वर्ष 22 के लिए कंपनी या उसकी सहायक कंपनियों द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ किए गए संबंधित पार्टी लेनदेन के संबंध में सेबी से प्रशासनिक चेतावनी पत्र मिलने के बाद बीएसई पर पेटीएम के शेयर 1.88% गिरकर 460.80 रुपये पर आ गए।