Dark Mode
ओडिशा के लोगों ने नवीन पटनायक को आराम देने का फैसला किया है: जे पी नड्डा

ओडिशा के लोगों ने नवीन पटनायक को आराम देने का फैसला किया है: जे पी नड्डा

भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के समर्थन में ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बृहस्पतिवार को रोड शो के दौरान भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि राज्य के लोगों ने भाजपा की सरकार बनाने तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को आराम देने का फैसला किया है। रोड शो के दौरान भगवा रंग के, खुली छत वाले वाहन में खड़े नड्डा ने सड़क के दोनों तरफ मौजूद भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मौसिना चक से लिंगराज मंदिर तक के इस रोड शो में पार्टी अध्यक्ष नड्डा के साथ भुवनेश्वर की भाजपा सांसद और उम्मीदवार अपराजिता सारंगी और एकामरा-भुवनेश्वर विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार बाबू सिंह भी मौजूद थे।
लोगों ने भाजपा अध्यक्ष का स्वागत किया और सड़क के दोनों ओर स्थित इमारतों से उन पर पुष्पवर्षा की। रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराए और नारे लगाए। तीन किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान पत्रकारों से बातचीत में नड्डा ने कहा कि लोगों का उत्साह बताता है कि उन्होंने पिछले 24 वर्षों से ओडिशा पर शासन कर रहे नवीन पटनायक को आराम देने का और भाजपा की सरकार चुनने का फैसला किया है।’’ उन्होंने राज्य में एक साथ हो रहे लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए तेरह मई को संपन्न पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा, बीजू जनता दल (बीजद) की बस छूट गई है।

ओडिशा में मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा के संभावित चेहरे के बारे में पूछे जाने पर नड्डा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव परिणाम के तीन दिनों के भीतर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अपने मुख्यमंत्रियों का फैसला कर लिया था। उन्होंने कहा, ओडिशा में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा। कटक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो के एक दिन बाद भुवनेश्वर में नड्डा ने रोड शो निकाला। उनका बारगढ़ और सुंदरगढ़ लोकसभा सीटों पर दो जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। भाजपा अध्यक्ष बुधवार को ओडिशा पहुंचे थे। मुख्यमंत्री और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक का भी शाम को राज्य की राजधानी में एक रोड शो निकालने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे आज दिन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनका कंधमाल जिले के फुलबनी में एक रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। उनका दौरा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा बोलांगीर में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के एक दिन बाद हो रहा है। इस बीच चुनाव प्रचार के लिए दो बार ओडिशा का दौरा कर चुके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 मई को फिर से यहां आने वाले हैं। केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा शासित असम, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने भी ओडिशा में चुनाव प्रचार किया है। राज्य की 147 विधानसभा सीटों और 21 लोकसभा सीटों के लिए एक साथ चुनाव हो रहे हैं।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!