Dark Mode
ईरान-अमेरिका समझौते पर पेजेश्कियन का बड़ा बयान, बोले- भरोसा जरूरी

ईरान-अमेरिका समझौते पर पेजेश्कियन का बड़ा बयान, बोले- भरोसा जरूरी

तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि तेहरान अमेरिका के साथ हाल ही में हस्ताक्षर किए गए ज्ञापन समझौते (एमओयू) के तहत शांति के रास्ते पर चलता रहेगा, बशर्ते वाशिंगटन भरोसे का माहौल बनाने में मदद करे। पेजेश्कियन ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ईरान एमओयू के पैराग्राफ के आधार पर शांति के रास्ते पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है। ईरानी राष्ट्रपति ने कहा, "अब समझौते पर पहुंचने का सबसे अच्छा समय है, क्योंकि देश में एकजुटता, ताकत और एकता है।" उन्होंने कहा, "हम दृढ़ हैं कि समझौता ज्ञापन को आधार बनाकर आगे बढ़ें, बशर्ते अमेरिका उस अविश्वास के माहौल को खत्म करे जिसे उसने बनाया है और विश्वास का माहौल बने।" उन्होंने कहा कि ईरान अपनी प्रतिबद्धताओं को अमेरिका के अनुपालन के स्तर के अनुरूप रखेगा। उन्होंने आगे कहा कि अगर दूसरा पक्ष बल का सहारा लेना चाहता है तो ईरान उसे स्वीकार नहीं करेगा। ईरान की कार्रवाई का अंतिम आधार सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के फैसले होंगे।
इससे पहले ईरानी राष्ट्रपति ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए बातचीत जारी रखने की देश की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि तेहरान को झुकने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा।
पेजेश्कियन ने यह बात शुक्रवार (स्थानीय समय) को अपने ऑफिस की वेबसाइट पर पब्लिश हुए एक इंटरव्यू में कही। उन्होंने ईरान सरकार के अमेरिका के साथ बातचीत करने और युद्ध खत्म करने के लिए ज्ञापन समझौते पर हस्ताक्षर करने के फैसले का बचाव किया।
ईरानी राष्ट्रपति ने कहा, "ईरान अपनी प्रतिबद्धताओं पर तब तक कायम रहेगा जब तक अमेरिका समझौता ज्ञापन के तहत अपनी जिम्मेदारियां पूरी करता है। जहां भी वे अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने में नाकाम होंगे, वहां हमारी भी उसे जारी रखने की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।"
इस हफ्ते की शुरुआत में, पेजेश्कियन ने इस बात से इनकार किया कि वह पद छोड़ रहे हैं और कहा कि वह पूरी तरह से अपना काम जारी रखेंगे। यह बात एमओयू को लेकर ईरान की लीडरशिप में मतभेद की अफवाहों के बीच आई।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!