Dark Mode
नाले में समाई श्रद्धालुओं की कार, 8 की मौत

नाले में समाई श्रद्धालुओं की कार, 8 की मौत

आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले को पार करते समय श्रद्धालुओं से भरी कार तेज पानी के बहाव में बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु मां बगलामुखी के दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे। मंदिर के नजदीक बरसाती नाले में बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। बताया जा रहा है कि चालक को पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं हो पाया और उसने कार को नाले से निकालने की कोशिश की। इसी दौरान पानी का तेज बहाव कार को अपने साथ बहाकर ले गया।

हादसे का पता शनिवार सुबह चला। पानी का स्तर कम होने के बाद राहगीरों की नजर नाले में फंसी कार पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। तलाशी अभियान के दौरान कार से आठ लोगों के शव बाहर निकाले गए।

आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। फिलहाल शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि कार में सवार सात लोग ओडिशा के रहने वाले थे और मां बगलामुखी के दर्शन के लिए नलखेड़ा जा रहे थे। बताया गया है कि उन्होंने उज्जैन से कार किराए पर ली थी। हालांकि, मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

घटना की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।

मंडला में युवती को मछुआरों ने बचाया

इससे पहले मध्य प्रदेश के मंडला में भी तेज बहाव से जुड़ी एक घटना सामने आई थी। यहां एक युवती नर्मदा नदी के तेज बहाव में बह गई थी। मौके पर मौजूद मछुआरों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने करीब 200 मीटर दूर जाकर उसे पानी से बाहर निकाल लिया।

पुलिस को युवती का बैग भी मिला था। बैग में मौजूद दस्तावेज और फोन नंबर के आधार पर उसकी पहचान टिकरिया थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!