Dark Mode
संसद में हंगामे के बीच पीएम मोदी की बड़ी बैठक, बनी नई रणनीति

संसद में हंगामे के बीच पीएम मोदी की बड़ी बैठक, बनी नई रणनीति

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वरिष्ठ मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। संसद भवन में हुई इस बैठक में सरकार की संसदीय रणनीति, सदन की कार्यवाही को सुचारु बनाए रखने और आगामी विधायी कार्यों को आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ मंत्री शामिल हुए। बैठक का फोकस संसद में सरकार की आगे की रणनीति तय करना रहा।

यह बैठक ऐसे समय हुई जब लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के कारण दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। विपक्ष ने प्रश्नपत्र लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की सदन में मौजूदगी की मांग की।

बैठक में विपक्ष के विरोध के बीच सरकार के महत्वपूर्ण विधेयकों को आगे बढ़ाने, सदन की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करने और संसदीय कार्यों में आ रही बाधाओं से निपटने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। सूत्रों का कहना है कि बैठक के बाद सरकार की आगे की संसदीय रणनीति को लेकर कुछ महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकते हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!