पीएम मोदी का प्रेरक संदेश, बोले- अच्छा चरित्र ही असली पहचान
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक प्रेरणादायक संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए उत्तम चरित्र और सदाचार के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि अच्छा आचरण रखने वाला व्यक्ति समाज में सम्मान और सज्जनों का आदर प्राप्त करता है तथा अपने व्यवहार के कारण हर जिम्मेदारी निभाने के योग्य माना जाता है।
प्रधानमंत्री ने जो श्लोक साझा किया, उसमें बताया गया है कि सदाचारी व्यक्ति का व्यक्तित्व दूसरों के लिए प्रेरणादायक और आकर्षक होता है। उन्होंने इसके हिंदी भावार्थ में कहा कि सत्यनिष्ठा, विनम्रता और मर्यादित व्यवहार ही किसी व्यक्ति को प्रभावी नेतृत्व, सफलता और लोगों का अटूट विश्वास दिलाने का वास्तविक आधार बनाते हैं।
पीएम मोदी पिछले कुछ दिनों से लगातार सोशल मीडिया पर संस्कृत सुभाषित साझा कर रहे हैं। इससे पहले 24 जुलाई को उन्होंने एक श्लोक के माध्यम से संदेश दिया था कि मनुष्य के विचार, वचन और कर्म ही उसके व्यक्तित्व को आकार देते हैं। इसलिए हमेशा कल्याणकारी सोच और सकारात्मक व्यवहार अपनाना चाहिए।
23 जुलाई को साझा किए गए एक अन्य सुभाषित में प्रधानमंत्री ने आत्मा और ब्रह्मांड की एकात्मकता का उल्लेख करते हुए बताया था कि जो शक्ति पूरे ब्रह्मांड में विद्यमान है, वही प्रत्येक व्यक्ति के भीतर भी मौजूद है। उनके इन संदेशों में भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवन दृष्टि पर विशेष बल दिया गया है।