श्रीगंगानगर में पंचायती राज चुनाव की तैयारियां तेज, तय हुए ईवीएम और मतगणना कक्ष
श्रीगंगानगर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 को लेकर श्रीगंगानगर जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव के लिए मतदान दलों की रवानगी, ईवीएम मशीनों की कमिशनिंग, मतदान के बाद मशीनों के संग्रहण और मतगणना के लिए अलग-अलग भवनों में कक्ष निर्धारित किए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर के निर्देशों के अनुसार डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय और राजकीय विधि महाविद्यालय, श्रीगंगानगर में चुनाव संबंधी व्यवस्थाएं की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि पंचायत समिति क्षेत्रों और चुनाव के चरणों के अनुसार कमिशनिंग, स्ट्रॉन्ग रूम तथा मतगणना कक्ष तय किए गए हैं।
तीसरे चरण के लिए 28 अक्टूबर को ईवीएम कमिशनिंग
डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में तीसरे चरण के तहत सूरतगढ़, राजियासर और विजयनगर पंचायत समिति क्षेत्रों के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।
-
सूरतगढ़: कमरा नंबर ए-7 और ए-8 में ईवीएम कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम रहेगा। मतगणना कमरा नंबर ए-9 में होगी।
-
राजियासर: कमरा नंबर ए-10 में कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम और ए-11 में मतगणना की व्यवस्था रहेगी।
-
विजयनगर: कमरा नंबर ए-4 और ए-5 में कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम तथा ए-6 में मतगणना होगी।
इन क्षेत्रों के लिए ईवीएम मशीनों की कमिशनिंग 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे निर्धारित की गई है।
चौथे चरण के लिए भी तय किए गए कक्ष
चौथे चरण के अंतर्गत सादुलशहर, श्रीगंगानगर उत्तर, श्रीगंगानगर दक्षिण, करणपुर और पदमपुर पंचायत समिति क्षेत्रों के लिए भी कक्ष आवंटित किए गए हैं।
-
सादुलशहर: कमरा नंबर ए-21 और ए-22 में ईवीएम कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम रहेगा। मतगणना जियोलॉजी मेन हॉल में होगी।
-
श्रीगंगानगर उत्तर: कमरा नंबर ए-14 और ए-20 में कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम तथा मेन हॉल में मतगणना होगी।
-
श्रीगंगानगर दक्षिण: कमरा नंबर ए-15 और ए-16 में कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम तथा मेन हॉल में मतगणना की व्यवस्था रहेगी।
-
करणपुर: कमरा नंबर सी-2 और सी-3 मतदान दलों की रवानगी के लिए निर्धारित हैं। मशीनों के संग्रहण के लिए एस-1 और एस-2 तथा मतगणना के लिए साइंस ब्लॉक के भूतल पर बॉटनी लैब तय की गई है।
-
पदमपुर: कमरा नंबर एस-3 में ईवीएम कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम और जूलॉजी लैब में मतगणना होगी।
इन पंचायत समिति क्षेत्रों के लिए ईवीएम कमिशनिंग 7 नवंबर को सुबह 10 बजे होगी।
अन्य चुनावी कार्यों के लिए भी बनाई गई व्यवस्था
राजकीय विधि महाविद्यालय में रायसिंहनगर, अनूपगढ़ और घड़साना पंचायत समिति क्षेत्रों के लिए भी कमिशनिंग, स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना के स्थान निर्धारित किए गए हैं।
-
रायसिंहनगर: कमरा नंबर 9 और 10 में कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम तथा कमरा नंबर 11 में मतगणना होगी।
-
अनूपगढ़: कमरा नंबर 6 और 8 में कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्था है, जबकि मतगणना हॉल में होगी।
-
घड़साना: कमरा नंबर 4 और 5 में कमिशनिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम तथा कमरा नंबर आर-3 में मतगणना होगी।
प्रशासन ने चुनाव कार्यों के सुचारु संचालन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के स्थान भी तय किए हैं। प्राचार्य कक्ष में पर्यवेक्षक, रिटर्निंग अधिकारी और अन्य अधिकारियों की व्यवस्था रहेगी। स्टाफ रूम में चुनाव शाखा, स्पोर्ट्स रूम में मतदान एवं मतगणना दल प्रकोष्ठ, कंप्यूटर लैब में सांख्यिकी और आईटी प्रकोष्ठ तथा अकाउंट सेक्शन में लेखा प्रकोष्ठ संचालित होगा।
इसके अलावा कानून-व्यवस्था से संबंधित कार्यों के लिए कंट्रोल रूम और मीडिया गतिविधियों के लिए अलग मीडिया रूम बनाया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।