सूचना एवं प्रौद्योगिकी केन्द्र में हुई जनसुनवाई
अधिकारी लोगों की समस्याओं का शीघ्रता से करे समाधान-- जिला कलक्टर
दौसा . जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में गुरूवार को सूचना प्रौद्योगिकी केन्द्र में जनसुनवाई का आयोजन हुआ। जनसुनवाई के दौरान सभी उपखण्ड अधिकारी,पंचायत समिति के विकास अधिकारी,लालसोट, महवा, सिकराय, बांदीकुई, लवाण, सीएमएचओ ,संबंधित तहसीलदार व अन्य अधिकारी वीडियोंकॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जुडे तथा जिला कलक्टर की जनसुनवाई में आने वाले लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर लाभान्वित किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्रता से निराकरण करवाने के लिये सभी विभागीय अधिकारी सक्रिय रहकर कार्य करे। जनसुनवाई के दौरान आमजन की जमीन के पट्टे, कब्जे, पानी लिकेज, सडक निर्माण, अतिक्रमण, अनुकम्पा नियुक्ति व शुभशक्ति योजना, श्रमिक पात्रता,पंजीयन व छात्रवृति आदि से सबंधित मामले प्राप्त हुये। इस दौरान जिला कलक्टर ने लोगों को समझाया कि जनसुनवाई के दौरान कोई कार्यवाही लिखित में देने के लिए प्रशासन बाध्य नही है । उन्होंने बताया कि जनसुनवाई कोर्ट के लिये वास्तविक तथ्य है व सबूतों के निर्माण का कार्य नही करते है, यहां आमजन की जनसुवाई होती हैं तथा विधिवत तरीके से आमजन की समस्या के समाधान का प्रयास किया जाता है। उन्होने कहा कि जिला प्रशासन अपनी मंशा से नही बल्कि कानून व्यवस्थाओं से चलता है। उन्होने बताया कि कोर्ट चल रहे मामले जनसुनवाई में विचारणीय नहीं हैं। इस दौरान शुभ शक्तियोजना, श्रमिक प्रमाण पत्र को लेकर सभी विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी श्रमिकों के श्रमिक पत्र एवं विभिन्न योजनाओं में बकाया आवेदन पत्रों का शीघ्रता से प्रमाणित करें। सभी विकास अधिकारी फर्जी प्रमाणीकरण करने से बचे अन्यथा फर्जी प्रमाणीकरण के दोषी पाये जाने पर आवश्यक कार्यवाही की जावेगी।
जिला कलेक्टर ने कई अधिकारियों के वीडियों कॉन्फे्रसिंग से नही जुडने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि अगली बार से सभी अधिकारी सूचना प्रौद्योगिकी केन्द्र के माध्यम से ही जुडेगे। उन्होने निर्देश दिये कि राजस्व अधिकारियों की बैठक व तृतीय गुरूवार को होने वाली जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेगे।
जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेश कुमार,सीईओ जिला परिषद रामकिशोर मीना,उपखण्ड अधिकारी संजय गोरा,उप पुलिस अधीक्षक कालूराम मीना,सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डा0 करतार सिंह मीना,महिला अधिकारिता के सहायक निदेशक युगल किशोर मीना,जयपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियन्ता रामहेत मीना, सीडीईओ गोविन्दराम माली,उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा0 दीपक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।