Dark Mode
राजस्थान में बारिश का दौर तेज, 29 जिलों में यलो अलर्ट

राजस्थान में बारिश का दौर तेज, 29 जिलों में यलो अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। उदयपुर संभाग में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहा, जहां कुछ स्थानों पर करीब दो इंच तक पानी बरसा। बारिश के बाद कई इलाकों में मौसम सुहावना हुआ और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का सिलसिला 16 सितंबर तक जारी रह सकता है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटे में चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में सबसे अधिक 46 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बांसवाड़ा, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, जयपुर, राजसमंद, सीकर, नागौर, पाली, कोटा, डूंगरपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर में भी कई स्थानों पर एक इंच तक बारिश हुई। इससे किसानों को भी राहत की उम्मीद जगी है।

उधर, पश्चिमी राजस्थान में स्थिति कुछ अलग बनी हुई है। अगस्त और सितंबर की शुरुआत में कम बारिश के कारण कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। 11 सितंबर से मानसून सक्रिय होने के बाद शनिवार शाम जोधपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। करीब एक महीने बाद हुई इस बरसात ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी, लेकिन पश्चिमी जिलों में अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, राजगढ़ और बैतूल से होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़, गोपालपुर और बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बने रहने की संभावना है।

राज्य में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। 1 जून से अब तक राजस्थान में सामान्य औसत बारिश 410.1 मिलीमीटर मानी जाती है, जबकि इस सीजन में अभी तक 304.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।

शनिवार को पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर भी देखने को मिला। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और बाड़मेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी जिलों में पश्चिमी हवाओं के चलते अगले दिनों में गर्मी बनी रह सकती है।

विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान में मानसून की विदाई का चरण अगले सप्ताह के अंत से शुरू हो सकता है। वहीं दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में फिलहाल बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे में प्रदेश के मौसम में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गर्मी दोनों का असर अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!