पैदल अयोध्या जा रहे रामभक्त पदयात्री का किया स्वागत
भोपालगढ़। जन-जन के आराध्य देव प्रभु श्रीराम के अयोध्या में बन रहे भव्य श्रीराम मंदिर में आगामी 22 जनवरी को होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं रामलला को अपने निज मंदिर में विराजित किए जाने के इस अनूठे पल के साक्षी बनने को लेकर भक्तो में बड़ा उत्साह नजर आ रहा है और वे अपने-अपने स्तर पर इस आयोजन की तैयारियां भी कर रहे हैं। इन्ही में से एक युवा भक्त हैं तिंवरी के विजेश चौधरी। जो कि तिंवरी से अयोध्या तक पैदल पदयात्रा करते जाकर प्रभु श्रीराम के मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेंगे। विजेश के बुधवार को भोपालगढ़ पहुंचने पर विहिप, बजरंग दल व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने विहिप के जिला संयोजक बनवारीसिंह राजपुरोहित की अगुवाई में गाजे-बाजे के साथ स्वागत एवं बहुमान किया।
विहिप जिला संयोजक बनवारीसिंह राजपुरोहित ने बताया कि हेमनाडा महादेव नगर तिंवरी निवासी रामभक्त विजेश चौधरी पदयात्रा करते हुए प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या जा रहे हैं और 21 जनवरी की शाम तक अयोध्या पहुंच जाएंगे। जहां बन रहे श्रीराम मंदिर के दर्शन करने के साथ ही रास्ते में आमजन को गोमाता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देंगे। रामभक्त विजेश के बुधवार को भोपालगढ़ पंहुचने पर शहर के नाड़सर रोड़ पर स्थित स्थानीय आदर्श विद्या मंदिर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व आरएसएस के स्वयंसेवकों व युवा कार्यकर्ताओं की टीम ने गाजे-बाजे व डीजे के साथ अगवानी कर भावभरा स्वागत भी किया। इस दौरान सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया और अक्षत निमंत्रण का संदेश प्रभु श्रीराम तक पहुंचाने के लिए उनसे आग्रह भी किया गया। इसके साथ ही विहिप के प्रखंड संयोजक मोहित सैन की ओर से रात्रि भोज भी करवाया गया। इस अवसर पर विहिप जिला संयोजक बनवारीसिंह राजपुरोहित, आदर्श विद्या मंदिर के प्रधानाध्यापक सत्यनारायण वैष्णव, प्रखंड संयोजक मोहित सैन, सत्संग प्रमुख सुदर्शन दाधीच, समरसता प्रमुख रामप्रसाद सैनी, रामकिशोर भाटी, नेमीचंद सुथार, चंद्रशेखर दाधीच, पंकज बिसावा व मूलाराम प्रजापत समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।