
भाविप राठ शाखा का दायित्व ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ
बहरोड़। बहरोड़ कस्बे में रविवार देर रात को भारत विकास परिषद राठ शाखा का दायित्व ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वप्रथम भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और पुरानी कार्यकारिणी के द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक विकास कार्यों को सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धोकलनाथ आश्रम के महंत योगेंद्र नाथ रहे। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि भाविप जैसी संस्था भारतीय सभ्यता और संस्कृति का प्रचार-प्रसार कर रही है। युवा पीढी को भारतीय संस्कृति का ज्ञान दे रही है। हमें प्रदेश और देश की सरकार को बताना होगा कि सामाजिक, व्यवहारिक ज्ञान हमारे ग्रंथों में है। इसलिए हमारे ग्रंथों को पाठ्यक्रम में शामिल करना होगा। जिससे कि युवा पीढ़ी हमारी सभ्यता और संस्कृति को बनाए रखने के साथ साथ अपने जीवन में बदलाव कर सके। इस दौरान पिछले कार्यकारिणी में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सदस्य और पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। भाविप के राजस्थान उत्तर-पूर्व प्रान्तीय अध्यक्ष आरएस सक्सेना ने अध्यक्ष सत्यवीर यादव, सचिव रोहिताश्व गुप्ता, कोषाध्यक्ष गोपाल शर्मा और महिला संयोजिका राजरानी खंडेलवाल को दायित्व ग्रहण की शपथ दिलाई। नवनियुक्त अध्यक्ष सत्यवीर यादव ने कहा कि हम परिषद के सभी सदस्यों को एक साथ लेकर भारतीय सभ्यता व संस्कृति का प्रचार प्रसार करने के साथ-साथ समाजहित में विकास कार्य करेंगे। कार्यक्रम के दौरान परिषद के पदाधिकारी सक्सेना ने 22 नए सदस्यों को परिवार सहित परिषद ज्वॉइन करने पर दायित्व ग्रहण की शपथ दिलाई। नए सदस्यों ने भी परिषद के साथ सामाजिक कार्य करने और जरूरतमंद के साथ-साथ गौ माता की सेवा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाविप के क्षेत्रीय वित्त सचिव राकेश गुप्ता, परिषद की महिला एवं बाल विकास क्षेत्रीय सचिव डॉ नित्या तोमर, तत्कालीन अध्यक्ष सुभाष चंद मीणा, महिला संयोजिका मंजू मोदी, संजीव अग्रवाल भिवाड़ी, मानव सेवा संस्था अध्यक्ष बस्तीराम यादव, मानव जागृति संस्था अध्यक्ष जगमाल सिंह यादव, वैश्य समाज अध्यक्ष जेडी गुप्ता, कवित गुप्ता, हुकम चंद यादव, प्रेम सेठ, अग्रवाल समाज अध्यक्ष शिव शंकर गुप्ता, देवेंद्र यादव, सतीश गुप्ता, निशांत यादव, प्रदीप गोयल, बृजराज सिंह चौहान, करण सिंह शेखावत, बलवंत शास्त्री, करण सिंह यादव, योगेन्द्र सिंह राघव, एससी गुप्ता, दीवान सिंह, मुकेश मोदी, घनश्याम यादव, शुशील कुमार, नवीन शर्मा, केके यादव, महेंद्र जांगिड़, अनिल यादव, महेंद्र अग्रवाल सहित शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।