जयपुर में रिटायर्ड अफसर से ठगे 29 लाख रुपए
जयपुर। जयपुर में रिटायर्ड अफसर से 29 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पार्किंन्सन बीमारी के इलाज का दावा कर डॉक्टर बनकर दो बदमाश घर आए थे। शरीर की नसों में फैले मवाद को निकालकर स्वस्थ्य करने का झांसा देकर रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित रिटायर्ड अफसर ने मानसरोवर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार ने बताया- मानसरोवर के रहने वाले 63 साल के रिटायर्ड अफसर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह पिछले काफी समय से पार्किंन्सन नामक बीमारी से ग्रस्त है। 9 फरवरी को सुबह मध्यम मार्ग पर वह मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इस दौरान आशीष अग्रवाल नाम का लड़का आया। उसने कहा- वह मुहाना मंडी रोड पर रहता है। उसने खुद को सीए का स्टूडेंट बताया। उसने पूछा कि आप पार्किंन्सन बीमारी से परेशान हैं क्या? इसके बाद उसने कहा कि उसके पिताजी को भी पार्किंन्सन की बीमारी थी। मुंबई के डॉक्टर समीर से इलाज करवाने पर बीमारी ठीक हो जाएगी।
डॉक्टर के दिए मोबाइल नंबर
आशीष ने उनको इलाज के लिए डॉक्टर समीर का मोबाइल नंबर देकर कॉन्टैक्ट करने को कहा। ये आपको 100 प्रतिशत ठीक कर देंगे। डॉ. समीर से कॉन्टैक्ट करने पर उन्होंने दोपहर करीब 12:30 बजे घर पर विजिट करने के लिए कहा। उनकी बीमारियों के बारे में जानकारी लेने के साथ परिवार सदस्यों के बारे में पूछा। पत्नी के घर नहीं होने की बताने पर उन्होंने कहा- पत्नी की मौजूदगी में ही वह उनका इलाज करेंगे।
घर आकर करूंगा इलाज
पीड़ित ने बताया- 13 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे डॉक्टर समीर अपने असिस्टेंट राजू के साथ घर पर आए। हाथ-पैर और पीठ पर ऑर्थो तेल की मालिश की। शरीर की जांच कर बाएं हाथ की नस में सुई चुभाकर एक स्टील की कुपी में खून की बूंद निकाली और फिर एक कागज पर रखी। उन्होंने नसों में मवाद की वजह से यह बीमारी फैलने की बताई और कहा कि पूरी बॉडी से इसी प्रकार मवाद खींचकर निकालना पड़ेगा। इसका खर्च 6 हजार रुपए प्रति बूंद आएगा।