Dark Mode
आतंकवादियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी

आतंकवादियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी

जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में हाल के हमलों में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों, खासकर डोडा और रियासी में व्यापक तलाशी अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पिछले चार दिनों में आतंकवादियों ने रियासी, कठुआ और डोडा जिलों में चार जगहों पर हमले किये, जिनमें नौ तीर्थयात्रियों और केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की मौत हो गई और सात सुरक्षाकर्मी समेत कई अन्य घायल हो गए। कठुआ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी भी मारे गए और उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।


अधिकारियों के अनुसार, सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने सुबह डोडा जिले में गंडोह के कोटा टॉप, चट्टागल्ला और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान फिर से शुरू किया, जहां मंगलवार और बुधवार को आतंकवादियों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों सहित सात सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने बुधवार को जिले में दो हमलों में शामिल चार आतंकवादियों के स्केच जारी किए थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। इससे पहले पुलिस ने रविवार को रियासी जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए हमले में शामिल एक आतंकवादी पर 20 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया था और उसका स्केच भी जारी किया था। इस हमले में नौ लोग मारे गए थे और 41 घायल हो गए थे।


अधिकारियों ने बताया कि रियासी और राजौरी जिले में तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि राजौरी के नौशेरा और पुंछ में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आतंकी खतरे के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद कठुआ, सांबा और जम्मू जिलों में भी सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है। कठुआ में मंगलवार रात से शुरू हुई और 15 घंटे से अधिक समय तक चली भीषण मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया था।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!