मतदाता सूचियों के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम
23 जून 2023 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य
4 अक्टूबर को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन
श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ स्वामी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता 1 अक्टूबर 2023 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार कार्य पूर्ण करने के लिये जिले के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों एवं एसडीएम को निर्देशित किया है।
आयोग के निर्देशानुसार द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अर्हता तिथि के रूप में 1 अक्टूबर 2023 के संदर्भ में किया जायेगा। वे आवेदक जो अर्हता 1 अक्टूबर 2023 को पंजीकरण हेतु पात्र है, वे प्रारूप प्रकाशन की तिथि से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रपत्र-6 में अपने दावे प्रस्तुत कर सकते हैं। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 2 अगस्त 2023 बुधवार को किया जायेगा तथा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर 2023 को किया जायेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार पुनरीक्षण पूर्व गतिविधियों में 23 जून 2023 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जायेगा। 24 जून से 24 जुलाई 2023 तक मतदान केन्द्रों का सुव्यवस्थिकरण, पुनर्गठन मतदाता सूचियों एवं ईपिक की विसंगतियों को दूर करना, मतदाताओं की ईमेज क्वालिटी में सुधार, भाग-अनुभाग की सीमाओं, स्थानों की पुनः रचना एवं मतदान केन्द्रों हेतु अनुमोदन प्राप्त करना व कंट्रोल टेबल को अपडेट करना शामिल है। 25 जुलाई से 31 जुलाई 2023 तक प्रारूप 1 से 8 तक तैयार करना एवं अर्हता के संदर्भ में पूरक एवं एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची की तैयारी की जायेगी।
पुनरीक्षण गतिविधियों के दौरान 2 अगस्त 2023 को एकीकृत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन, 2 अगस्त से 31 अगस्त 2023 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि, 12 अगस्त एवं 13 अगस्त तथा 26 व 27 अगस्त को विशेष अभियान की तिथियां रहेगी। 22 सितम्बर 2023 को दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जायेगा। 29 सितम्बर 2023 को हैल्थ पैरामीटरों की जांच एंव अंतिम प्रकाशन हेतु आयोग की अनुमति, डाटाबेस को अद्यतन करना एवं पूरक का मुद्रण तथा 4 अक्टूबर 2023 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा।