शाहरुख ने हैंड-रिटन लेटर में किया था बचपन का जिक्र
शाहरुख खान का एक हैंड रिटन लेटर सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस लेटर पर कोई डेट नहीं लिखी गई है। लेकिन, रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहरुख खान ने ये छह पेज लंबा लेटर तब लिखा था जब वो कॉलेज के फाइनल ईयर में थे। उन्होंने दिल्ली के हंस राज कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है।
एक्टिंग के अलावा स्पोर्ट्स में भी थी शाहरुख की रुचि
इस लेटर में शाहरुख खान ने अपने बचपन के दिनों की यादें शेयर की हैं। लेटर में उन्होंने अपने परिवार और स्कूल का जिक्र किया है। शाहरुख ने लेटर में ये भी लिखा है कि उन्हें एक्टिंग करने का ख्याल कैसे आया और उन्होंने एक्टिंग की शुरुआत कैसे की। उन्होंने ये भी बताया है कि उन्हें बचपन में स्पोर्ट्स में काफी इंटरेस्ट था और वो फुटबॉल, क्रिकेट और हॉकी खेलना पसंद करते थे। देव आनंद, राज कपूर की मिमिक्री करते थे शाहरुख
एक्टिंग के शौक के बारे में बात करते हुए शाहरुख ने लेटर में लिखा है- स्कूल के दिनों में ही मुझे एक्टिंग में इंटरेस्ट बढ़ने लगा था। दरअसल, मैं बचपन से ही लोगों की नकल उतारने और उनको कॉपी करने में बहुत अच्छा था। मैंने हेमा मालिनी की मिमिक्री करनी शुरू की थी। ग्रेजुएशन तक मैंने देव आनंद, राज कपूर, पृथ्वीराज कपूर और राज बब्बर तक की मिमिक्री करनी सीख ली थी। राज बब्बर से याद आया कि मुझे आखिर एक्टिंग में इंटरेस्ट कैसे आया- दिल्ली में और दिल्ली के आस-पास मेरे पापा की रेस्टोरेंट चेन थी।
पापा के रेस्टोरेंट्स में नामी डायरेक्टर-एक्टर से मिलते थे शाहरुख
शाहरुख खान ने आगे लिखा- मैं इन रेस्टोरेंट्स के मेस में अक्सर जाया करता था और वहां वो लोग जो प्ले परफॉर्म करते थे वो देखा करता था। ये उन दिनों कि बात है जब ग्रेट डायरेक्टर इब्राहिम अल्काजी और राज बब्बर, रोहिणी हट्टंगड़ी, अजित वाच्छानी, सुरेखा सीकरी का समय था। इनमें से कई लोग वहां एक्टिंग भी करते थे। उस समय मैं शायद 9-10 साल का था।
मैं उर्दू में शायरी लिखा करता था और मेरे गालों पर क्यूट से डिंपल भी थे। इन चीजों की वजह से मुझे इन एक्टर्स-डायरेक्टर्स से काफी अटेंशन मिल जाया करता था। शायद उन्हें देखकर ही मैंने ये तय कर लिया था कि मैं उनके जैसा ही बनना चाहता हूं।
शाहरुख खान ने इस लेटर में ये भी लिखा है कि उन्हें स्कूल ड्रामा अंधेर नगरी चौपट राजा में कल्लू बनिया का रोल मिला था और ये उनका पहला एक्टिंग प्रोजेक्ट था।