सोनाली बेंद्रे का नया सफर, अब फिल्मों की बनेंगी प्रेजेंटर
मुंबई। लंबे समय तक अपनी अभिनय प्रतिभा और स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों का दिल जीतने वाली अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे अब फिल्मी दुनिया में एक नई जिम्मेदारी निभाने जा रही हैं। उन्होंने फिल्म 'सोलह' के जरिए बतौर प्रेजेंटर अपने नए सफर की शुरुआत की है। इस भूमिका में वह ऐसी फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी, जिनकी कहानियां गहरा प्रभाव छोड़ती हैं।
आईएएनएस से बातचीत में सोनाली ने बताया कि 'सोलह' उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा ऐसी कहानियां आकर्षित करती हैं, जो फिल्म खत्म होने के बाद भी दर्शकों के मन में बनी रहें और उन्हें सोचने पर मजबूर करें। यही वजह है कि इस फिल्म की कहानी सुनते ही उन्होंने इससे जुड़ने का फैसला कर लिया।
सोनाली के मुताबिक, 'सोलह' उम्मीद, साहस और आम लोगों के भीतर छिपी उस आंतरिक शक्ति की कहानी है, जिसकी अक्सर चर्चा नहीं होती। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बीमारी, संघर्ष और जीवन के कठिन अनुभवों ने उन्हें उम्मीद और हिम्मत की असली अहमियत समझाई है। इसलिए उन्हें लगा कि अपने नए सफर की शुरुआत के लिए इससे बेहतर फिल्म नहीं हो सकती।
उन्होंने बताया कि बतौर प्रेजेंटर उनका उद्देश्य केवल फिल्मों का प्रचार करना नहीं, बल्कि ऐसी कहानियों को मंच देना है जो लोगों के दिलों को छू सकें। साथ ही वे नए कहानीकारों और निर्देशकों को भी आगे लाना चाहती हैं, जिनकी प्रतिभा अब तक बड़े दर्शक वर्ग तक नहीं पहुंच सकी है।
फिल्म 'सोलह' का निर्माण रोज मूवीज और कैरीऑन पिक्चर्स ने मिलकर किया है। यह फिल्म 16 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।