अभिनेत्री तुनिशा आत्महत्या मामले में शीजान चार दिन की पुलिस रिमांड पर
टीवी धारावाहिक की अभिनेत्री तुनिशा शर्मा आत्महत्या मामले में रविवार को कोर्ट ने को-स्टार शीजान खान को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। शनिवार को तुनिशा की आत्महत्या के कुछ ही घंटे के बाद उसकी मां की शिकायत पर शीजान को गिरफ्तार कर लिया गया था। रविवार को उसे वसई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
को-स्टार शीजान पर तुनिशा को आत्महत्या करने के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। हालांकि आरोपी शीजान के वकील ने सभी आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा कि जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उधर, मुंबई के एसीपी चंद्रकांत जाधव ने बताया कि तुनिशा और शीजान के बीच लव अफेयर था। उन दोनों का 15 दिन पहले ब्रेक हुआ था, जिसकी वजह से तुनिशा ने शनिवार को अपने शो के सेट पर फांसी लगाकर जान दे दी। इसके बाद तुनिशा की मां ने शीजान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर रविवार को कोर्ट में पेश किया।
मुंबई एसीपी चंद्रकांत ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पोस्टमॉटर्म रिपोर्ट में साफ हुआ है कि तुनिशा की मौत फांसी लगाने से ही हुई है। फिलहाल हमारी जांच जारी है और हमने आरोपी शीजान को हिरासत में ले लिया है। उसका फोन भी हमने जब्त कर लिया है। इस केस में किसी और से अफेयर, ब्लैकमेल या लव-जिहाद का कोई एंगल अभी तक सामने नहीं आया है।
इससे पहले तुनिशा की अभिनेत्री दोस्त रैया लबीब ने दावा किया था कि उन्हें आशंका है कि तुनिशा प्रेग्नेंट थी और अपने बॉयफ्रेंड व को-स्टार शीजान से शादी करना चाहती थी। हालांकि शीजान अभी शादी के लिए तैयार नहीं था, जिसके चलते तुनिशा तीन महीने से डिप्रेशन में थी। रैया का दावा है कि वे पिछले 2-3 साल से तुनिशा को जानती थीं और मुंबई के एक ब्यूटी पार्लर में कई बार उससे बात भी हुई थी।