Dark Mode
शिल्पा शेट्टी ने वेकेशन तस्वीरों से दिया पर्यावरण का संदेश

शिल्पा शेट्टी ने वेकेशन तस्वीरों से दिया पर्यावरण का संदेश

मुंबई। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस के मौके पर प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी छुट्टियों के दौरान ली गई तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए लोगों से रोजमर्रा की भागदौड़ के बीच अपने आसपास की प्राकृतिक खूबसूरती को महसूस करने की अपील की।

शिल्पा ने अपनी पोस्ट में बदलते आसमान, फूलों, पानी की आवाज, पेड़ों की छांव और सूर्यास्त जैसे छोटे-छोटे प्राकृतिक अनुभवों का जिक्र किया। उनका कहना है कि प्रकृति के ये पल बिना किसी अपेक्षा के मन को सुकून देते हैं और हमें कुछ देर रुककर अपने आसपास की दुनिया को देखने का मौका देते हैं।

अभिनेत्री ने पर्यावरण को सीधे स्वास्थ्य और खुशहाली से जोड़ते हुए कहा कि दोनों की सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने लोगों को अपने आसपास की प्रकृति को देखने, उसकी अहमियत समझने और उसके संरक्षण में योगदान देने की याद दिलाई।

हर साल 26 सितंबर को विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस दिवस की शुरुआत 2011 में इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एनवायरनमेंटल हेल्थ की ओर से की गई थी। इसका उद्देश्य मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच संबंध को लेकर दुनियाभर में जागरूकता बढ़ाना है। स्वच्छ हवा, सुरक्षित पानी और प्रदूषण से मुक्त वातावरण को स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।

'सुखी' में नजर आई थीं शिल्पा

शिल्पा शेट्टी के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्हें आखिरी बार सोनल जोशी के निर्देशन में बनी फिल्म 'सुखी' में देखा गया था। फिल्म में उनके साथ अमित साध, डेलनाज ईरानी, कुशा कपिला और पवलीन गुजराल भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए।

फिल्म की कहानी 38 वर्षीय पंजाबी गृहिणी सुखप्रीत कालरा उर्फ 'सुखी' के इर्द-गिर्द घूमती है। परिवार की जिम्मेदारियों में उलझी सुखी अपनी इच्छाओं और पहचान को पीछे छोड़ देती है। स्कूल रीयूनियन के लिए दिल्ली जाने का मौका मिलने के बाद वह परिवार की आपत्तियों के बावजूद कुछ दिनों के लिए घर से निकलती है। यह सफर उसे अपनी पुरानी पहचान और स्वतंत्रता को फिर से महसूस करने का अवसर देता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!