Dark Mode
गलगलिया में 116 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, नकदी भी बरामद

गलगलिया में 116 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, नकदी भी बरामद

किशनगंज। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर गलगलिया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक व्यक्ति को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गलगलिया थाना क्षेत्र के दरभंगिया टोला निवासी पप्पू सहनी अपने घर से मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने 116 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। इसके अलावा मौके से 70 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 40 नेपाली रुपये भी जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू सहनी, पिता रामचंद्र सहनी, निवासी दरभंगिया टोला, थाना गलगलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और नकदी को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी अधिक बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!