Dark Mode
Swiss woman की हत्या संभवत: वित्तीय विवाद के कारण की गई: सूत्र

Swiss woman की हत्या संभवत: वित्तीय विवाद के कारण की गई: सूत्र

नयी दिल्ली। पश्चिम दिल्ली में पिछले महीने स्विट्जरलैंड की जिस महिला का शव बरामद हुआ था, उसकी हत्या का संभावित मुख्य कारण वित्तीय विवाद है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले के आरोपी 33 वर्षीय गुरप्रीत सिंह के घर से चार हथियार जब्त किए जाने के बाद उस पर शस्त्र अधिनियम के तहत एक अन्य मामला दर्ज किया गया है। आरोपी आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। सूत्रों ने बताया कि नीना बर्जर पर सिंह का सात लाख रुपये बकाया था और विभिन्न एटीएम से पैसे निकालने के बर्जर के प्रयास तकनीकी कारणों से निष्फल हो गए क्योंकि उसका बैंक खाता स्विट्जरलैंड में था। लगभग 30 वर्षीय बर्जर का क्षत-विक्षत शव 20 अक्टूबर को तिलक नगर में एक नगर निगम स्कूल की दीवार के पास मिला था। उसके हाथ-पैर धातु की जंजीरों से बंधे थे, जिन पर ताला लगा था। बर्जर का शव मिलने के एक दिन बाद रत्न व्यापारी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था और पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद रविवार को उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।

इससे पहले सिंह ने खुलासा किया था कि बर्जर ने उसके विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान और बर्जर के मोबाइल फोन से प्राप्त ‘चैट’ संदेश के आधार पर हत्या का कारण वित्तीय विवाद प्रतीत होता है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘फोन पर हुई बातचीत के अनुसार सिंह ने बर्जर से कई बार पैसे वापस मांगे थे। हत्या से पहले बर्जर ने विभिन्न एटीएम से पैसे निकालने का प्रयास किया था, लेकिन वह असफल रही थी। सिंह एक एटीएम पर उसके साथ गया था।’’

पुलिस ने कहा कि बर्जर ने यह पता लगाने के लिए एक बैंक प्रबंधक से भी संपर्क किया था कि क्या वह अपने स्विट्जरलैंड स्थित बैंक खाते से बड़ी रकम निकाल सकती है। पुलिस के अनुसार, सिंह पिछले पांच वर्ष से बर्जर को जानता था और अपनी स्विट्जरलैंड यात्रा के दौरान उसने उसे रत्न दिए थे और एक गुप्त अनुष्ठान किया था जिसमें बर्जर भी शामिल हुई थी। सिंह ने बर्जर को आश्वासन दिया था कि इस अनुष्ठान से उसकी सभी समस्याएं खत्म हो जाएंगी दोनों के बीच हुए संदेशों के आदान प्रदान से यह भी पता चला कि सिंह ने उसे भारत आने के लिए मजबूर किया। हत्या के दिन भी बर्जर ने बैंक से पैसे निकालने की कोशिश की थी, लेकिन वह विफल रही थी।

पुलिस ने कहा कि इसके बाद सिंह ने उसे एक अन्य गुप्त अनुष्ठान में भाग लेने का सुझाव दिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए एवं उसके चेहरे को कचरे के थैले से ढंक दिया, जिसके कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह भी कहा कि उसने सिंह के एक घर से बरामद किए गए हथियारों की जांच शुरू कर दी है। सिंह के जनकपुरी में एक घर के अलावा तिलक नगर में भी एक और घर है। इन दोनों घरों से 28 गोलियां, तीन अत्याधुनिक हथियार और एक देशी पिस्तौल जब्त की गई है। सिंह के जनकपुरी वाले घर में उसकी मां और बहन बहन रहती हैं। सूत्रों ने कहा कि पुलिस ने तिलक नगर थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत एक अलग प्राथमिकी दर्ज की है और सिंह को फिर से पुलिस हिरासत में लिया जा सकता है। पुलिस को यह भी संदेह है कि सिंह का पिता बर्जर को जानता था और स्विट्जरलैंड और फ्रांस में उससे मिला था। ऐसा पता चला है कि सिंह का पिता फ्रांस में है और जांच में शामिल होने के लिए अभी तक भारत नहीं आया है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!