Dark Mode
जुलाई से भारत में टेस्ला, मुंबई और दिल्ली में शोरूम

जुलाई से भारत में टेस्ला, मुंबई और दिल्ली में शोरूम

नई दिल्ली। इलॉन मस्क की इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी टेस्ला जुलाई 2025 में भारत में अपने पहले शोरूम ओपन करने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये शोरूम मुंबई और नई दिल्ली में खुलेंगे। कंपनी यहां अपनी मेड-इन-चाइना मॉडल वाई (Model Y) SUV कारें बेचेगी। ये कारें टेस्ला की शंघाई फैक्ट्री से भारत लाई जाएंगी। भारत में कंपनी की कारों की कीमत 48 लाख रुपए से शुरू हो सकती है। टेस्ला का भारत में आना इसलिए भी खास है, क्योंकि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्केट है। कंपनी को यूरोप और चीन में बिक्री में कमी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में भारत उनके लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। कंपनी की मॉडल वाई दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है, ये भारतीय ग्राहकों को भी पसंद आ सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टेस्ला जुलाई के मिड तक मुंबई में अपना पहला शोरूम ओपन करेगी। इसके बाद कंपनी जुलाई में ही नई दिल्ली में भी अपना एक शोरूम खोलेगी। कंपनी ने अमेरिका, चीन और नीदरलैंड से सुपरचार्जर कंपोनेंट, कार एक्सेसरीज, मर्चेंडाइज और स्पेयर्स भी इंपोर्ट किए हैं।

 


टेस्ला कर्नाटक-गुरुग्राम में वेयरहाउस बनाएगी

 

टेस्ला भारत के साउथ में कर्नाटक में वेयरहाउस के लिए जगह किराए पर ले रही है। इसके अलावा कंपनी नई दिल्ली के बाहर गुरुग्राम में भी जगह लीज पर लेने की प्लानिंग कर रही है। इसके अलावा दूसरे देशों से टेस्ला के अधिकारी मुंबई और नई दिल्ली के शोरूमों पर वीकली विजिट भी कर रहे हैं।

 

टेस्ला सरकार की EV पॉलिसी का फायदा उठाएगी

 

भारत सरकार ने हाल ही में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) के लिए नई पॉलिसी बनाई है, जिसमें विदेशी कंपनियों को कम इंपोर्ट ड्यूटी (15%) का फायदा मिल सकता है, बशर्ते वे भारत में 500 मिलियन डॉलर यानी 4,327 करोड़ रुपए का निवेश करें और तीन साल में लोकल प्रोडक्शन शुरू करें। टेस्ला इस पॉलिसी का फायदा उठाने की तैयारी में है।

 

कंपनी भारत में अभी सिर्फ इंपोर्टेड कारें बेचेगी

 

हालांकि, टेस्ला ने अभी तक भारत में अपनी फैक्ट्री लगाने का फैसला नहीं किया है। कुछ समय पहले खबर आई थी कि टेस्ला गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों में फैक्ट्री लगाने पर विचार कर रही है, लेकिन फिलहाल कंपनी भारत में सिर्फ इंपोर्टेड कारें बेचने पर ध्यान दे रही है।

 

टेस्ला का टाटा और महिंद्रा से कॉम्पिटिशन होगा

 

भारत में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार अभी छोटा है, यहां 2023 में सिर्फ 2% कारें ही इलेक्ट्रिक थीं। लेकिन सरकार का टारगेट है कि 2030 तक 30% नई कारें इलेक्ट्रिक हों। टाटा मोटर्स और महिंद्रा जैसी देसी कंपनियां इस मार्केट में पहले से मौजूद हैं और अब टेस्ला के आने से कॉम्पिटिशन और बढ़ेगा।

 

भारत में टेस्ला कारों की कीमत ₹21 लाख से शुरू होंगी

 

टेस्ला की कारें अपनी शानदार डिजाइन, हाई-टेक फीचर्स और ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर अपडेट्स के लिए जानी जाती हैं। कंपनी ने भारत में पहले से ही सेल्स, सर्विस और डिलीवरी के लिए लोगों की भर्ती शुरू कर दी है। टेस्ला का भारत आना न सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों को बढ़ावा देगा, बल्कि ये भारतीय ग्राहकों को भी नई टेक्नोलॉजी और बेहतर ऑप्शन्स देगा।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!