Dark Mode
पीएम आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करेगी सरकार - ग्रामीण विकास मंत्री

पीएम आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करेगी सरकार - ग्रामीण विकास मंत्री

जयपुर। ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों के भुगतान के प्रकरणों का निस्तारण विशेष अभियान चलाकर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीएफएमएस पोर्टल पर तकनीकी कारणों, सत्यापन, खाता संख्या एवं आवश्यक दस्तावेजों की त्रुटियों के कारण जो भुगतान लंबित हुए हैं, उनका शीघ्र समाधान कर राशि जारी की जाएगी। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिले और तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से कोई भी भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री चेतन पटेल कोलाना के पूरक प्रश्नों का जबाव देते हुए ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र में 134 ऐसे आवेदक पाए गए हैं, जिन्होंने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आवेदन किया था, जिन्हें नियमानुसार निरस्त किया जाएगा। प्रथम किश्त के रूप में 8007 आवासों को राशि जारी की गई थी, जिनमें से 200 प्रकरण आधार-बैंक खाते की मैपिंग नहीं होने के कारण लंबित रह गए थे। वहीं पीएफएमएस पर 86 प्रकरण तकनीकी कारणों से प्रक्रियाधीन हैं। इन मामलों के निस्तारण हेतु जिला कलक्टर को निर्देश दिए गए हैं तथा बीडीओ स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। द्वितीय किश्त के 5430 प्रकरणों में से 34 भुगतान प्रक्रियाधीन हैं। मंत्री ने कहा कि निर्धारित स्तर तक निर्माण कार्य पूर्ण होने पर लाभार्थियों को शीघ्र भुगतान कर दिया जाएगा। ग्रामीण विकास मंत्री ने मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि महात्मा गांधी नरेगा के तहत प्रदेश में वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के दौरान 7412 केटल शेड का निर्माण किया गया है। पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2023-24 में पंचायत समिति इटावा में 50 तथा सुल्तानपुर में 35, कुल 85 केटल शेड कार्य पूर्ण हुए। इनमें से इटावा में 28 और सुल्तानपुर में 27, कुल 55 कार्यों का भुगतान किया जा चुका है, जबकि इटावा में 22 और सुल्तानपुर में 8, कुल 30 कार्यों का भुगतान लंबित है। श्रम मद की राशि का भुगतान कर दिया गया है तथा सामग्री मद के 13,59,008 रुपये के बिल प्रक्रियाधीन हैं, जिनका शीघ्र भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 से स्वीकृत 5430 आवासों में से दासा स्तर तक निर्माण पूर्ण होने पर द्वितीय किश्त तथा 1553 आवासों में छत का कार्य पूर्ण होने पर तृतीय किश्त जारी की जा चुकी है। मंत्री ने कहा कि योजना के तहत आवास का निर्माण स्वयं लाभार्थी द्वारा कराया जाता है और निर्धारित स्तर तक निर्माण पूर्ण होने के बाद ही किश्त जारी की जाती है। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के अंतर्गत नगर पालिका सुल्तानपुर में प्लिंथ स्तर तक निर्माण करने वाले 103 लाभार्थियों को द्वितीय किश्त तथा लिंटल स्तर तक निर्माण करने वाले 103 लाभार्थियों को तृतीय किश्त का भुगतान किया जा चुका है। नगर पालिका इटावा में प्लिंथ स्तर तक निर्माण करने वाले 1183 लाभार्थियों को द्वितीय किश्त एवं लिंटल स्तर तक निर्माण करने वाले 1131 लाभार्थियों को तृतीय किश्त का भुगतान जारी किया जा चुका है। वर्तमान में द्वितीय एवं तृतीय किश्त का कोई भुगतान बकाया नहीं है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका सुल्तानपुर में प्लिंथ स्तर तक निर्माण पूर्ण करने वाले 65 लाभार्थियों को द्वितीय किश्त तथा लिंटल स्तर तक निर्माण पूर्ण करने वाले 25 लाभार्थियों को तृतीय किश्त का भुगतान प्रक्रियाधीन है। नगर पालिका इटावा में प्लिंथ स्तर तक निर्माण पूर्ण करने वाले 38 लाभार्थियों को द्वितीय किश्त तथा लिंटल स्तर तक निर्माण पूर्ण करने वाले 56 लाभार्थियों को तृतीय किश्त का भुगतान प्रक्रियाधीन है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!