हत्या के मामले को मर्ग में दर्ज करने वाला पुलिस कर्मी निलंबित
बीकानेर। उधारी के 10 हजार रुपए वापस नहीं लौटाने पर चार युवकों ने मिलकर एक युवक को सरियों व डंडों से इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। घटना 28 जुलाई की है। पुलिस ने इसे सामान्य मौत मानते हुए मामला रफा-दफा कर दिया था। घटना के 12 दिन बाद पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के आदेश पर इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। इसमें हत्या को मर्ग दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया। बिहार निवासी संतलाल मिश्र ने पुलिस को बताया कि गत 28 जुलाई 2023 की रात लगभग सवा 10 बजे के बीच मेरे बड़े लड़के पिंटू को जहांगीर कोहरी, अंकित, पवन व सावर मोटरसाइकिल पर लेकर गए थे। अगले दिन सुबह तक पिंटू वापस नहीं आया। बाद में पुलिस ने फोन पर बताया कि आपका लड़का रोड नम्बर 7 पर अचेत अवस्था में मिला है, जिसे अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या के बजाय मर्ग दर्ज की
मृतक पिंटू के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे, इसके बाद भी हत्या के बजाय मर्ग दर्ज कर ली गई। ऐसे में आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस स्तर पर हुई लापरवाही का लाभ आरोपियों को मिला कि वो बाहर आराम से घूमते रहे। मर्ग में स्पष्ट बताया गया था कि जहांगीर को ही, अंकित, पवन और सांवर ने स्वयं कहा कि उसके बेटे पिंटू को उन्होंने मारा है। इस तरह का एक वीडियो भी दिखाया। जिसमें पिंटू को पीटा जा रहा था। पिंटू के साथ पाईप, डंडों से मारपीट की थी। जिसका एक वीडियो भी दिखाया गया। चारों लड़कों ने मेरे बेटे को अपने साथ ले जाकर हाथ पैर बांधकर पीट-पीट कर मार दिया। यह रिपोर्ट थाना पर प्राप्त होने पर थाना पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरु की गई।
एसपी ने लिया गंभीरता से
थाना स्तर पर लापरवाही हुई तो मामला एसपी तेजस्वनी गौतम तक पहुंचा। एसपी ने ही त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए और आला अधिकारियों की निगरानी तय की। इसके बाद थानाधिकारी कोटगेट कुलदीप सिंह की टीम ने आरोपी जहांगीर कोहरी, अंकित, पवन व सांवर को गिरफ्तार किया।
10 हजार रुपए थी उधारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक पिंटू से जहांगीर कोहरी 10 हजार रुपए मांगता था। पिंटू रुपए नहीं दे पा रहा था। इसी कारण जहांगीर कोहरी ने अपने साथियों पवन, अंकित व सावर के साथ मिलकर षडयंत्र रचा। 28 जुलाई को रात साढ़े दस बजे पार्टी का बहाना बनाकर पिंटू को जेके वूलन मील से अपने साथ घड़सीसर गांव की रोही में ले गए। जहां पिंटू के हाथ व पैर बांधकर पाईप, डंडों व मुक्कों से पिटाई की। जिससे पिंटू की मृत्यु हो गई। मारपीट हत्या में तब्दील हुई तो चारों आरोपी उसे रोड नंबर सात पर फेंक कर फरार हो गए।
इनको किया गिरफ्तार
जहांगीर कोहरी पुत्र रफीक मोहम्मद जाति मुसलमान उम्र 22 साल निवासी घडसीसर तालाब के पास, पवन कुमार पुत्र राजाराम जाति विश्नोई उम्र 19 साल निवासी पिथरासर जयसिंह देसर पांचू, सावर लाल विश्नोई पुत्र फुलाराम जाति विश्नोई उम्र 20 साल निवासी टीटी कालेज के सामने बाईपास रोड घडसीसर, अंकित ज्याणी पुत्र बजरंग लाल जाति विश्नोई उम्र 20 साल निवासी जेगला गोगलियान देसलसर नोखा के खिलाफ जुर्म मामला दर्ज किया गया है। इन सबके खिलाफ कोटगेट थाने में धारा 302 , 201,120 बी के तहत मुक़दमा दर्ज करके आंच सी आई कुलदीपसिंह कर रहें हैं।