Dark Mode
भारत के प्रति विश्व का नजरिया 180 डिग्री बदला: सांसद चौधरी

भारत के प्रति विश्व का नजरिया 180 डिग्री बदला: सांसद चौधरी

पाली में प्रबुद्ध जन वर्ग सम्मेलन में पाली सांसद ने गिनाई  मोदी सरकार की 09 वर्षों की उपलब्धियां, आपातकाल की परिस्थितियों व वर्तमान परिदृश्य पर डाला प्रकाश, गहलोत सरकार पर भी किया प्रहार


पाली। हमारा भारत पिछले नौ वर्षों में हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना है। पहले हम आयातक थे, आज हम निर्यातक बन गए है। मोदी सरकार एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर रही है, जो विरोधियों को करारा जवाब देने की क्षमता के साथ शांति का ध्वजवाहक है। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में हमारा भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण को देख रहा है। देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आधारभूत जमीन तैयार की जा रही है। पहले का भारत और अब का भारत अलग है। भारत की प्रति अब विश्व की धारणा 180 डिग्री बदल गई है। पहले भारत की बातों को अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर गंभीरता से नहीं लिया जाता था। लेकिन आज भारत क्या बोल रहा है, सारा विश्व आंख और कान खोलकर देखता और सुनता है।
मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर पाली में आयोजित प्रबुद्ध जन वर्ग सम्मेलन में पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री, प्रदेश संयोजक प्रबुद्ध जन सम्मेलन कार्यक्रम और पाली सांसद पीपी चौधरी ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि गत नौ साल में शोषित, पीडित, वंचित और समाज के सबसे अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचा है। एयरपोर्ट, रेलवे, एक्सप्रेस वे बनाने में मोदी सरकार ने तेज रफ्तार से काम हुए हैं। देश में टैक्स पेयर लोगों का पैसा पहली बार बिना भ्रष्टाचार के देश के विकास में काम आ रहा है। आम आदमी का जीवन बेहद सरल हुआ है जिसमें रोजमर्रा, स्वास्थ सेवाओं ,किसानों को सम्मान निधि, फसलों के बीज, खाद्य और सस्ते लोन बांटे हैं। सांसद चौधरी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि साढे चार साल जनता को विकास से वंचित रखना ही भ्रष्टाचार है। बेरोजगारी भत्ता और किसानों की कर्जमाफी जैसे वादे सफेद झूठ निकले। कानून व्यवस्था तो गर्त में जा चुकी है। मंहगाई राहत कैंप मात्र दिखावा है।
अमेरिका दौरा, मजबूत भारत की धाक: सांसद चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का अमेरिका दौरा बेहद महत्वपूर्ण रहा। दुनियाभर के कुछ ही लोगों ने आज तक अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया है। अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र में उनका संबोधन और वहां के प्रतिनिधियों ने एक विश्व नेता के रूप में उनका ऑटोग्राफ मांगा। यह पूरे भारत के लिए गर्व की बात है. यह एक महान क्षण था जब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने प्रधानमंत्री मोदी को एक विशेष टी-शर्ट उपहार में दी, जिस पर लिखा था ‘फ्यूचर इज एआई अमेरिका-भारत’. उन्होंने कहा, यह दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। प्रधानमंत्री जब पहली बार अमेरिका दौरे पर गए थे तब भारत दुनिया की 10वीं अर्थव्यवस्था था और आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है.  
आपातकाल बनाम सुशासन काल: सांसद चौधरी ने इस दौरान आपातकाल के संदर्भ में बताया कि भारतीय लोकतंत्र में 25 जून 1975 का काला दिन कांग्रेस की निरंकुशता के लिए हमेशा याद किया जाता रहेगा। कांग्रेस की निरंकुशता के कारण देश के समर्पित राष्ट्र भक्तों को जेल जाना पड़ा। चौधरी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने आधी रात को आपातकाल की घोषणा कर लोकतंत्र का गला घोटने की कोशिश की और अखबारों के दफ्तरों पर ताला लगा दिया गया। सांसद चौधरी ने कहा आपातकाल के उलट मोदी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में सुशासन काल रचा है। देश में सशक्त लोकतंत्र वहीं नेतृत्व एवं राजनैतिक पार्टी दे सकती है, जिसके क्रियाकलाप, आंतरिक बुनावट और कार्यशैली लोकतंत्र की बुनियाद पर आधारित हों। इन सभी मानकों पर भाजपा ही खरी उतरती है। भाजपा की पंचनिष्ठाओं में एक लोकतंत्र है। लोकतंत्र की इसी भावना को प्रधानमंत्री मोदी उनकी सरकार पिछले नौ वर्षाे से विभिन्न नीतियों एवं योजनाओं के माध्यम से चरितार्थ कर रही है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बाबा साहब के विचारों के अनुरूप देश आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के शामिल भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ने भी मोदी सरकार द्वारा महिलाओं सशक्तिकरण की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान संत सूरजनदास, बाली विधायक पुष्पेन्द्रसिंह राणावत, पाली विधायक ज्ञानचंद पारख, सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत, सोजत विधायक शोभा चौहान, जैतारण विधायक अविनाश गहलोत, जिलाध्यक्ष मंशाराम परमार, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोहर कंवर, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमंत गदाणा, जिला प्रवक्ता त्रिलोक पटेल, संयोजक विकास बुबकिया सहित चार्टड अकाउंटेंट, अधिवक्ता, शिक्षाविद्, चिकित्सक, उद्यमी, पत्रकार, इंजीनियरिंग, समाजसेवी संस्थानों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिकगण, लोकतंत्र सेनानी संघ के पदाधिकारी गण, समस्त पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!