Dark Mode
मुठभेड़ के बाद तीन पशु तस्कर गिरफ्तार, चार गौवंश को मिली नई जिंदगी

मुठभेड़ के बाद तीन पशु तस्कर गिरफ्तार, चार गौवंश को मिली नई जिंदगी

देवरिया। जनपद देवरिया में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। भाटपार रानी और बनकटा थाने की संयुक्त टीम ने देर रात मुठभेड़ के बाद तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि चार गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया।

थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार राय के अनुसार, देर रात क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि बनकटा–अमेठीया मार्ग पर ऐंठी के पास एक पिकअप वाहन में गौवंशीय पशुओं की तस्करी की जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से चार गौवंशीय पशु बरामद किए गए। मौके से बिहार के सिवान जिले के रहने वाले अरविंद पासवान उर्फ टेनी और अफरोज आलम उर्फ सुड्डू को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसी बीच एक अन्य आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल आरोपी की पहचान बिहार के खगौरा निवासी छोटे अली उर्फ कमरे आलम के रूप में हुई है। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। तीनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

बरामद किए गए चारों गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!