अफीम तस्करी करते हुए तीन महिलाएं गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़. इन दिनों अफीम और डोडे तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आमतौर पर तस्कर कोई आदमी ही होता है लेकिन अब महिलाएं भी तस्करी कर रही हैं। ऐसा ही एक मामला गंगरार थाने से सामने आया है। तीन महिलाएं एक ट्रैवल बस में एमपी से हनुमानगढ़ की ओर अफीम छुपाकर ले जा रही थीं। पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर चार किलो 700 ग्राम अफीम जब्त की है।
गंगरार थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि गश्त के दौरान गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। भीलवाड़ा रोड की तरफ साइड रोड पर जोजरों का खेड़ा के पास संगम ट्रैवल्स बस खड़ी थी। बस सवारियों को लेकर नीमच से हनुमानगढ़ की तरफ जा रही थी। पुलिस ने जब चेक करना शुरू किया तो बस में बैठी तीन महिलाएं अपने अपने हाथों में हैंडबैग लेकर बस से बाहर जाने लगीं। पुलिस को शक हुआ और तीनों महिलाओं का नाम-पता पूछा।
महिलाओं ने अपना नाम मनासा, नीमच, एमपी निवासी ज्योति खटीक उर्फ ज्योति चंदेल पत्नी दिनेश चंदेल, मंदसौर निवासी शांति बाई पत्नी दिनेश चंदेल और नीमच निवासी मनोरमा पत्नी मांगीलाल खटीक बताया। शक होने पर तीनों के बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ज्योति खटीक के कब्जे से एक किलो 700 ग्राम अफीम, शांतिबाई के कब्जे से एक किलो 500 ग्राम अफीम और मनोरमा के कब्जे से एक किलो 500 ग्राम अफीम जब्त की। आरोपी महिलाएं बस में बैठकर अफीम को नीमच से हनुमानगढ की तरफ लेकर जा रही थीं। इस कार्रवाई में एसएचओ गंगरार शिवलाल, लक्ष्मीलाल उ.नि., एएसआई भैरूलाल, देवीलाल, हैड कॉन्स्टेबल युवराज सिंह, कॉन्स्टेबल कुंजीलाल, सुभाष और महिला कॉन्स्टेबल वैजयंता, प्रमीला और उपेंद्र सिंह शामिल रहे।