परिणीति चोपड़ा की ‘रिपोर्टिंग लाइव’ का ट्रेलर रिलीज
मुंबई। परिणीति चोपड़ा की आगामी थ्रिलर फिल्म ‘रिपोर्टिंग लाइव’ का ट्रेलर शनिवार को जारी कर दिया गया। फिल्म अवैध रेत खनन और रेत माफिया के खतरनाक नेटवर्क की कहानी पर आधारित है। करीब 2 मिनट 2 सेकंड के ट्रेलर में एक ऐसी दुनिया दिखाई गई है, जहां अवैध कारोबार की पड़ताल करना जानलेवा साबित हो सकता है।
फिल्म में परिणीति चोपड़ा एक फील्ड रिपोर्टर की भूमिका में नजर आएंगी, जबकि देवेन भोजानी कैमरामैन का किरदार निभा रहे हैं। कहानी एक जानलेवा हादसे के बाद आगे बढ़ती है, जब रिपोर्टर और कैमरामैन मामले की तह तक जाने की कोशिश करते हैं। वे ऐसे सवाल उठाते हैं, जिनके जवाब देने से ताकतवर लोग बचना चाहते हैं।
जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, दोनों के सामने खतरे भी बढ़ते जाते हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि हर सुराग के साथ मामला और उलझता जाता है। एक सवाल का जवाब मिलने से पहले ही नया सवाल खड़ा हो जाता है और सच तक पहुंचने की कोशिश दोनों को खतरनाक परिस्थितियों में ले जाती है।
पहली बार पत्रकार की भूमिका में परिणीति
‘रिपोर्टिंग लाइव’ में परिणीति चोपड़ा पहली बार पत्रकार का किरदार निभा रही हैं। अपने रोल को लेकर अभिनेत्री ने कहा कि स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद ही वह इस किरदार के जज्बे से जुड़ गई थीं। उनके मुताबिक यह किरदार जिज्ञासु, निडर और सच सामने आने तक पीछे नहीं हटने वाला है।
परिणीति ने यह भी कहा कि इस साल थ्रिलर जॉनर में नेटफ्लिक्स के साथ यह उनकी दूसरी पारी है, लेकिन इस बार दर्शकों को उनका एक अलग अवतार देखने को मिलेगा। उन्होंने फिल्म की शानदार स्टार कास्ट के साथ काम करने के अनुभव को भी खास बताया और दर्शकों के सामने कहानी आने का इंतजार जताया।
ध्रुव त्रिपाठी की पहली फीचर फिल्म
फिल्म का निर्देशन ध्रुव त्रिपाठी ने किया है और बतौर निर्देशक यह उनकी पहली फीचर फिल्म है। कहानी मिहिर जाधव और ध्रुव त्रिपाठी ने मिलकर लिखी है। फिल्म में परिणीति चोपड़ा और देवेन भोजानी के अलावा अमोल पालेकर, आदिल हुसैन और शेखर सुमन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
‘रिपोर्टिंग लाइव’ का निर्माण पार्थ किरण ठाकुर और जोशुआ शिरसाट ने किया है। फिल्म 9 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। ट्रेलर के सामने आने के बाद फिल्म की कहानी में पत्रकारिता, अपराध और सच की तलाश के बीच टकराव देखने को मिल रहा है।