Dark Mode
ओ एम ट्रेलर में धनुष का तूफानी अवतार, ममूटी और साई पल्लवी ने भी मचाया धमाल!

ओ एम ट्रेलर में धनुष का तूफानी अवतार, ममूटी और साई पल्लवी ने भी मचाया धमाल!

मुंबई। साउथ सिनेमा के दो बड़े सितारे धनुष और ममूटी जब एक ही फिल्म में नजर आएं, तो दर्शकों की उत्सुकता बढ़ना लाजिमी है। अब फिल्म ‘ओ एम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ का ट्रेलर सामने आ गया है। ट्रेलर में एक्शन, तनाव और बड़े पर्दे पर होने वाले जबरदस्त टकराव की झलक देखने को मिल रही है। फिल्म के शुरुआती दृश्य ही इसकी भव्यता और दमदार कहानी का अंदाजा देते हैं।

ट्रेलर में धनुष अपने पूरे मास अवतार में दिखाई दे रहे हैं। वहीं, ममूटी का शांत लेकिन प्रभावशाली अंदाज कहानी में रहस्य और गंभीरता जोड़ता है। साई पल्लवी भी इस बार बिल्कुल अलग तेवर में नजर आ रही हैं। वह फिल्म में आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी की भूमिका निभा रही हैं। उनके किरदार में बेखौफ अंदाज और सख्त रवैया देखने को मिलता है। दूसरी ओर, श्रीलीला अपनी मौजूदगी से फिल्म में थोड़ी ताजगी और हल्कापन लेकर आती हैं।

फिल्म के संगीत की बात करें तो साई अभ्यंकर ने इसे तैयार किया है। ट्रेलर में उनका बैकग्राउंड म्यूजिक एक्शन दृश्यों को और प्रभावशाली बनाता है। कहीं यह रोमांच बढ़ाता है, तो कहीं कहानी के तनाव को गहराई देता है। ट्रेलर रिलीज होने से पहले फिल्म के तीन गाने ‘अलाका लूवा’, ‘वीझा वीरा’ और ‘सेन्जुदारे’ भी दर्शकों के सामने आ चुके हैं। इन गानों को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की बात कही जा रही है।

फिल्म की निर्माता श्रद्धा अग्रवाल ने ट्रेलर को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। आरटेक स्टूडियोज की ओर से उन्होंने कहा कि ट्रेलर के जरिए दर्शकों को पहली बार राजकुमार पेरियासामी की बनाई दुनिया को करीब से देखने का मौका मिलेगा। उन्होंने फिल्म के संगीत को मिल रहे अंतरराष्ट्रीय प्यार पर भी खुशी जताई और उम्मीद जाहिर की कि ट्रेलर दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ाएगा।

राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में धनुष, ममूटी, साई पल्लवी और श्रीलीला के अलावा नसीरुद्दीन शाह और इंद्रांस भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। श्रद्धा अग्रवाल, धनुष और अजमत जगमग ने आरटेक स्टूडियोज और वंडरबार फिल्म्स के बैनर तले इसका निर्माण किया है।

अब दर्शकों की नजर फिल्म की रिलीज पर है। ‘ओ एम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ 20 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!