Dark Mode
जौनपुर में दो सगे भाईयों की हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर में दो सगे भाईयों की हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खेतासराय क्षेत्र में मंगलवार देर रात बारातियों के साथ कथित विवाद में दो सगे भाईयों की चाकू से हमला करके हत्या कर दी गयी। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शाहगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी शुभम तोदी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात लगभग 11 बजे खेतासराय थाना क्षेत्र के खेतासराय कस्बे में एक बारात आई थी। पास में ही दुर्गा मंदिर के नजदीक अजय प्रजापति (23) और उसके सगे भाई अंकित प्रजापति (20) ने चाउमीन की दुकान लगायी थी।

उन्होंने बताया कि कुछ बाराती उनकी दुकान के पास शराब पीने आये, इस दौरान अजय और अंकित का बारातियों से विवाद हो गया। बात बढ़ने पर कुछ लोगों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वे गम्भीर रूप से घायल हो गए।

तोदी ने बताया कि घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। उन्होंने बताया कि छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उनकी तलाश शुरू की गयी।

तोदी ने बताया कि पुलिस ने पांच घंटे के अन्दर ही सभी छह आरोपियों को मनेछा मंदिर के पीछे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुकेश बिंद, नीशू बिंद और सतीश बिंद मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, तीन कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!