विक्की कौशल ने पूरी की 'सैम बहादुर' की शूटिंग
नई दिल्ली. विक्की कौशल लंबे समय से अपनी आगामी फिल्म सैम बहादुर पर काम कर रहे हैं। फिल्म फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की लाइफ पर आधारित है। सैम मानेकशॉ की इस बायोपिक में विक्की उनका किरदार अदा कर रहे हैं। मंगलवार को एक्टर ने फिल्म की शूटिंग खत्म होने की जानकारी दी।
विक्की ने शेयर की अपडेट
विक्की कौशल ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म की डायरेक्टर मेघना गुलजार संग एक तस्वीर शेयर की है। पोस्ट के साथ एक्टर ने एक नोट भी शेयर किया और फिल्म का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जाहिर की।
विक्की ने सैम बहादुर को लेकर कहा, 'मैं बहुत-बहुत आभारी हूं...एक सच्चे लेजेंड के जीवन को पर्दे पर उतारने की प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए , इस टीम का हिस्सा बनने के लिए जिसने फिल्म को अपना सब कुछ दे दिया। मुझे बहुत कुछ जीने को मिला, बहुत कुछ सीखने को मिला … इतना कुछ आप सबके सामने लाने के लिए है।'
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
सैम बहादुर की टीम का शुक्रिया अदा करते हुए विक्की ने आगे लिखा, 'मेघना, रॉनी, मेरे शानदार सह-कलाकार, अविश्वसनीय टीम... मानेकशॉ परिवार को, भारतीय सेना को और एफएम सैम एच.एफ.जे. मानेकशॉ, खुद को... धन्यवाद!फिल्म की शूटिंग खत्म हो गई है। आप सभी से 1 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में मिलता हूं।'
दंगल एक्ट्रेसेस आएंगी नजर
विक्की कौशल फील्ड मार्शल की बायोपिक में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सैम मानेकशॉ की जिंदगी के अनसुने किस्से देखने को मिलेंगे। विक्की के साथ दंगल अभिनेत्रियां सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।
विक्की की आने वाली फिल्में
विक्की कौशल के वर्कफ्रंट की बात करें तो सैम बहादुर के अलावा उनके पास मिस्टर ले ले और लक्ष्मण उतेकर की एक अनटाइटल्ड फिल्म भी है, जिसमें उनके साथ सारा अली खान फीमेल लीड में नजर आएंगी। आखिरी बार विक्की ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म गोविंदा मेरा नाम में नजर आए थे।