विजय सेतुपति ने एटली की फिल्ममेकिंग की तारीफ की, बताया क्यों कहा जवान को ‘हां’
मुंबई। अभिनेता विजय सेतुपति ने हाल ही में फिल्ममेकर एटली के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ में काम करने के अनुभव पर बात करते हुए बताया कि उन्हें उनकी कहानी कहने की शैली में सबसे ज्यादा क्या पसंद आया। गौरतलब है कि साल 2023 की इस एक्शन एंटरटेनर फिल्म में शाहरूख खान मुख्य भूमिका में नजर आए थे। साथ ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर न सिर्फ जबरदस्त सफलता हासिल की थी, बल्कि साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में भी शामिल रही थी। फिल्म में विजय सेतुपति ने खतरनाक विलेन काली गायकवाड़ का किरदार निभाया था, और उनके साथ नयनतारा और दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दी थी। हाल ही में एक बातचीत के दौरान सेतुपति ने एटली के काम करने के तरीके की तारीफ करते हुए बताया कि उन्हें उनके साथ काम करना क्यों पसंद है। उन्होंने कहा, “मुझे एटली के फिल्म बनाने का तरीका बहुत पसंद है। उन्हें पता होता है कि किसी सीन या शॉट को कहाँ ऊंचाई देनी है और उसे किस तरह दिलचस्प बनाना है। और उन्हें अपने सीन्स को लेकर बहुत भरोसा होता है। इसलिए मुझे उनका काम करने का तरीका अच्छा लगता है।” सेतुपति ने यह भी खुलासा किया कि शाहरूख खान के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिलना भी इस फिल्म को करने की एक बड़ी वजह थी। उन्होंने कहा, “और फिर जाहिर है, बात शाहरुख सर की भी थी, तो बस उन्हीं के लिए मैंने यह फिल्म की।”