वर्षा से मौसम हुआ सुहाना, लोगों ने वर्षा स्नान का लिया लुत्फ़
बौंली. लंबे अंतराल व कई दिनों की गर्मी - उमस के बाद उपखंड मुख्यालय पर शुक्रवार अपराह्न 3:00 बजे बाद एकाएक मौसम ने पलटी मारी व मध्यम से तेज गति की वर्षा का दौर शुरू हुआ जो लम्बे समय तक अनवरत जारी रहा। मानसून सत्र की अच्छी वर्षा होने से लोगों का दिल बाग बाग हो उठा। लोगों ने वर्षा स्नान का भरपूर लुफ्त उठाया। बच्चों के साथ बड़े भी इसमें पीछे नहीं रहे। गौरतलब है कि कई दिनों से क्षेत्र में गर्मी व उमस के आलम से आमजन बेहद परेशान था। शुक्रवार दोपहर 2:00 बजे तक भी गर्मी व उमस की स्थिति से लोग बैचेन थे लेकिन एकाएक 3:00 बजे बाद मौसम ने पलटी मारी 3:15 बजे के बाद मध्यम से तेज गति की वर्षा का दौर शुरू हुआ जो समाचार लिखे जाने तक अनवरत जारी था। गौरतलब है कि मुख्यालय पर अभी तक मानसून सत्र की झमाझम बारिश नहीं हो पाई है। लोग इसे मानसून सत्र की पहली बारिश मान रहे हैं। इस वर्षा से आमजन के साथ पशुओं को भी गर्मी से राहत मिली है। फसलों के लिए भी यह वर्षा लाभकारी सिद्ध होगी। आज की इस वर्षा से आमजन के साथ पशुपालक व किसान वर्ग भी बेहद खुश है।तेज हवाओं के साथ करीबन आधा घंटे तक चली मध्यम से तेज गति की वर्षा के दौरान सड़कों व नालों से पानी बह निकला। आम रास्तों व गलियों में जमा गंदगी ढेरों के पानी के बहाव के साथ बह जाने से लोगों को गंदगी के साफ हो जाने से काफी राहत मिली। इसी के साथ कच्चे रास्तों पर वर्षा जल भराव से लोगों को थोड़ी परेशानी भी पैदा हो गई। करीब आधा घंटे की मध्यम से तेज वर्षा के बाद रिमझिम बरसा का दौर अनवरत जारी रहा।