Dark Mode
सिक्किम के ऑर्किड देखे बिना नहीं समझ पाएंगे इसकी असली सुंदरता : पीएम मोदी

सिक्किम के ऑर्किड देखे बिना नहीं समझ पाएंगे इसकी असली सुंदरता : पीएम मोदी

गंगटोक। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को सिक्किम के राज्यत्व के 50वें वर्ष के समापन समारोह को संबोधित करते हुए सिक्किम और पूरे पूर्वोत्तर भारत की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सिक्किम और नॉर्थ ईस्ट केवल देश का हिस्सा नहीं, बल्कि ‘भारत की अष्टलक्ष्मी’ है, जो देश की समृद्धि और शक्ति का प्रतीक है।


नॉर्थ ईस्ट हिंदुस्तान की अष्टलक्ष्मी है
प्रधानमंत्री ने कहा, “नॉर्थ ईस्ट हिंदुस्तान की अष्टलक्ष्मी है। इसलिए हम ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के साथ-साथ ‘एक्ट फास्ट’ का संकल्प भी ले रहे हैं।” उन्होंने बताया कि सरकार सिक्किम में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। पिछले वर्षों में यहां सैकड़ों किलोमीटर हाईवे बनाए गए हैं और गांव-गांव तक सड़कों का विस्तार तेजी से हो रहा है।


सिक्किम की सबसे बड़ी ताकत टूरिज्म
पीएम मोदी ने सिक्किम की सबसे बड़ी ताकत उसकी टूरिज्म इकोनॉमी बताई। उन्होंने कहा कि छोटे से क्षेत्रफल वाले सिक्किम में देश की 25 प्रतिशत से अधिक फ्लोरल डाइवर्सिटी पाई जाती है। खासतौर पर ऑर्किड्स की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “अगर आपने सिक्किम के ऑर्किड नहीं देखे, तो आपने असली सुंदरता का अनुभव नहीं किया।” उन्होंने सिक्किम को ‘पूर्व का स्वर्ग’ और ‘ऑर्किड्स का गार्डन’ करार दिया।


स्काई स्पोर्ट्स में भी बड़ी संभावनाएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिक्किम के लिए संभावनाओं का एक और क्षेत्र स्काई स्पोर्ट्स में भी है। यहां के युवाओं ने स्पोर्ट्स में अपनी क्षमता और प्रतिभा को बड़े बड़े मंचों पर साबित किया है। फुटबॉल, बॉक्सिंग, तीरंदाजी जैसे खेलों में यहां से निकले खिलाड़ियों ने सिक्किम और देश का नाम रोशन किया है। इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हम खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे आंदोलन चला रहे हैं। यहां की स्टेट स्पोर्ट अकादमी को भी पुनर्जीवित किया गया है। सिक्किम प्रीमियर लीग जैसे स्पोर्ट्स इवेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा संख्या में खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिले, उनके खेल में सुधार आए।


लोगों की सादगी और स्वच्छता की तारीफ की
पीएम मोदी ने बंगाल चुनाव की व्यस्तता के बाद सिक्किम आने पर यहां की शांति, आध्यात्मिकता और प्राकृतिक सुंदरता को अनोखा बताया। उन्होंने सिक्किम के लोगों की सादगी, सौम्यता और मुस्कान की खूब सराहना की। स्वच्छता पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “पूरे रास्ते सड़कों की साफ-सफाई देखकर मैं प्रभावित हुआ। न कहीं गंदगी, न प्रदूषण। सिक्किम के लोग प्रकृति के सच्चे संरक्षक हैं।” प्रधानमंत्री ने रोड शो का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों के हाथों में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ के नारों ने पूरा माहौल ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना से भर दिया। उन्होंने सिक्किम को विविधता में एकता का बेहतरीन उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सिक्किम ने ऐसे समय में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का उदाहरण पेश किया है, जब देश में कई बार भाषा, क्षेत्र और जाति के नाम पर विभाजन की राजनीति होती है। उन्होंने इस कार्यक्रम को भारत की विविधता और एकता का सुंदर प्रदर्शन बताया।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!