जयपुर में धारदार हथियारों से वार कर युवक की हत्या
जयपुर। जयपुर में देर रात जेडीए तिराहे पर एक युवक का शव मिला। जो खून से सना हुआ था। शव पर 6 से ज्यादा गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शव मिलने के सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान कजोड़मल सिंह (34) के रूप में हुई है। जो हरमाड़ा में आनंद विहार का रहने वाला है।
हरमाड़ा थाना सीआई दिलीप खदान ने बताया- स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। इस पर रात 10 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे। पहचान होने पर मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पोस्टमार्टम के बाद पता चल सकेगा की आखिर मौत होने का कारण क्या है।
परिजनों की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक कजोड़मल सिंह रिकवरी के ऑफिस में काम करता था। कजोड़ से जुड़े हुए लोगों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।